रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 सितंबर। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में चल रहे मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में पर्वाधिराज पर्युषण महापर्व की पंचम प्रभात पर षनिवार को कल्पसूत्र का अध्ययन करते हुए साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने आदिनाथ भगवान के जीवन की व्याख्या सुनाई। केवल ज्ञान के बारे में बताते हुए उन्होंने भगवान नेमिनाथ के परिवार, उनके मोक्ष से लेकर निर्वाण पद की प्राप्ति तक का प्रसंग बताया और साथ ही 24 तीर्थंकरों के बीच के अंतरकाल की व्याख्या की।
साध्वीजी ने आगे कहा कि जब आपको कोई बीमारी हो जाए तो डॉक्टर कड़वी दवाई लिख कर देता है। इन कड़वी दवाइयां को कभी कोई चबाकर नहीं खाता, इन्हें सीधे गटकना होता है। छोटी-मोटी समस्याओं के लिए कभी डॉक्टर चॉकलेट जैसी दवाइयां दे देता है जिसे हम चुस कर खा लेते हैं पर कड़वी दवाइयां के साथ ऐसा नहीं होता। कड़वी दवाइयां खाने से मुंह कड़वा हो जाता है और यह कड़वाहट बहुत देर तक बने रहती है। वैसे ही अगर आप बादाम खा रहे हो और एक कड़वा बादाम आपके मुंह में चला जाए तो बाकी बदाम भी आपको कड़वे लगने लगेंगे। ठीक वैसे ही हमें जीवन में कड़वाहट का एहसास होता रहता है जैसे कि अपमान, ईर्ष्या का भाव, मन में कोई बात रख लेना अगर इन्हें एक बार में गटक लिया जाए तो यह खत्म हो जाएगी और इन्हें आपने स्वाद बनाकर जीवन में रखा तो यह आपको जीवनभर कड़वाहट का अहसास दिलाती रहेगी। इस कड़वाहट को अगर हम ध्यान में रखें तो जिसमें हमें शांति के साथ समय बिताना था वह आशांत हो जाएगा और हमारे काम भी नहीं कर पाएंगे। कल्प सूत्र भी यही कहता है कि इन्हें नजरअंदाज करो, जिन्होंने इसे नजर अंदाज किया उनका जीवन बन गया और जो नहीं कर पाया वह भव भ्रमण में ही जुटा रहेगा।