रायपुर

अभनपुर कांग्रेस में नए चेहरे की मांग
10-Sep-2023 2:58 PM
अभनपुर कांग्रेस में नए चेहरे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अभनपुर, 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ में चुनाव का समय अब बहुत ही नजदीक है। आने वाले महीनों में संभवत: आदर्श आचार संहिता की घोषणा भी हो जाएगी। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य दल के नेता प्रत्याशियों को लेकर विचार मंथन कर रहे हैं।

प्रदेश में भाजपा ने अपने 21 प्रत्याशियों की घोषणा पहले की कर दी है, वहीं भाजपा की ओर से दूसरी सूची की जल्द जारी कर दी जाएगी। इधर कांग्रेस में मंथन अभी भी जारी है। प्रदेश के जनता के साथ ही कांग्रेस के नेताओं में भी कांग्रेस की पहली सूची का इंतजार है।

रायपुर जिले के अभनपुर विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो यहां से भाजपा ने इस बार नया दांव खेलते हुए मैदान में युवा प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। वहीं अब कांग्रेस से भी नए उम्मीदवार की मांग उठ रही है। अभनपुर क्षेत्र के लोग दबी जुंबा में कह रहे हैं कि यदि भाजपा ने अपना प्रत्याशी बदला है, तो कांग्रेस को भी अपना प्रत्याशी बदलना चाहिए। यदि ऐसा नहीं होता, तो निश्चित रूप से यहां भाजपा जीत हासिल कर सकती है।

चूंकि कांग्रेस से वर्तमान विधायक धनेन्द्र साहू का टिकट लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन विधायक जी की उम्र 70 प्लस हो चुकी है। इस लिहाज से कांग्रेस इस बार नया चेहरे पर दांव खेल सकती है। अभनपुर में टिकट को लेकर पार्टी अभी भी इस विचार कर रही है। क्योंकि कुछ दिन पहले ही अभनपुर क्षेत्र के कई दावेदारों ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज से मिलकर शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि अभनपुर से कई दावेदार होने के बाद भी सिंगल नाम भेजा गया है। ब्लाक अध्यक्षों ने कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवा एक नाम की अनुशंसा कर दी है। जबकि अभनपुर में विधायक धनेन्द्र साहू के अलावा टिकेन्द्र ठाकुर, रतीराम साहू, खोरबाहरा राम साहू, टिकेन्द्र बघेल, फतीश साहू सहित 10 दावेदारों के नाम सामने आए हैं । अब देखना यह है कि कांग्रेस किसके नाम पर मोहर लगाती है।


अन्य पोस्ट