रायपुर

सीएम ने गोधन योजना के हितग्राहियों के खाते में जमा किए 23.93 करोड़
09-Sep-2023 9:47 PM
सीएम ने गोधन योजना के हितग्राहियों के खाते में जमा किए 23.93 करोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 सितंबर। सीएम भूपेश बघेल ने गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को 23.93 करोड़ रूपए का ऑनलाइन भुगतान किया। इनमें गोबर विक्रेताओं को 5.36 करोड़, स्व-सहायता समूहों एवं गौठान समितियों को 2.77 करोड़ रूपए दिए गए। इसी तरह से स्व-सहायता समूहों और सहकारी समितियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि के रूप में 13.55 करोड़ रूपए का भुगतान हुआ । गौठान समितियों के 42 हजार 644 सदस्यों को 2.25 करोड़ रूपए का मानदेय दिया गया । मुख्यमंत्री बघेल ने हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस साल बारिश अच्छी हो रही है, उत्पादन भी अच्छा होने की उम्मीद है।

राज्य में जहां भी जाता हूं, हरे भरे खेत दिखायी देते हैं।सरकार ने हर साल धान खरीदी का रिकॉर्ड बनाया है।

इस साल 125 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की उम्मीद है।केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से चावल खरीदी कोटा घटा दिया है।मैंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कोटा बढ़ाने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि गौठानों में चार रूपए लीटर की दर से गौमूत्र खरीदकर महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं इससे ब्रह्मास्त्र और जीवामृत तैयार कर रही है, जिसे किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसान अब महंगे पेस्टीसाइट के बदले जैविक कीटनाशक ब्रह्मास्त्र और जीवामृत का उपयोग करने लगे हैं।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री प्रदीप शर्मा, अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. कमलप्रीत सिंह, प्रबंध संचालक गोधन न्याय मिशन डॉ. अय्याज फकीर भाई तंबोली, राज्य नोडल अधिकारी रीपा श्री गौरव सिंह, संचालक कृषि एवं पशुधन श्रीमती चंदन त्रिपाठी, उप सचिव श्रीमती तूलिका प्रजापति, राज्य नोडल अधिकारी एन.एल.आर.एम. श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट