रायपुर

मंदिर हसौद रेप कांड फास्ट ट्रैक कोर्ट को, नेता ही नहीं एएसआई का बेटा भी आरोपी
04-Sep-2023 3:51 PM
मंदिर हसौद रेप कांड फास्ट ट्रैक कोर्ट को, नेता ही नहीं एएसआई का बेटा भी आरोपी

गैंगरेप के दोषियों को चौक पर फांसी देने की मांग

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 सितंबर। मंदिर हसौद रेप कांड में  नेता पुत्र के साथ पुलिस कर्मी के पुत्र के भी शामिल होने की जानकारी आई है। सबसे उल्लेखनीय यह भी है  कि यह पुलिस कर्मी मंदिर हसौद थाने में ही पदस्थ है।

आरोपी का नाम कृष्णा कुमार साहू है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी कृष्णा कुमार साहू का पिता एएसआई दीपक साहू है। घटना के बाद से पिता अपने बेटे की करतूत के बाद स्थानांतरण का आवेदन किया था।  इस पर एसएसपी ने  ट्रांसफऱ दूसरे थाने में कर दिया  है।

फिलहाल इस मामले में बीजेपी मंडल अध्यक्ष के बेटे सहित 10 आरोपी जेल में बंद है। साथ ही पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

मंदिर हसौद से लगे उमरिया गांव में  दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म  को लेकर राजधानी की सडक़ों पर उतर आए हैं। अपने-अपने स्तर पर जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

 सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ी महिला समाज ने रविवार को  आक्रोश रैली निकाली। सुभाष स्टेडियम से  शुरू होकर कलेक्टोरेट  छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के पास  खत्म  हुई। रैली में बड़ी संख्या में महिला और पुरुषों ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर फांसी देने की मांग की है।

इस दौरान छत्तीसगढ़ी महिला समाज की अध्यक्ष मालती परगनिया ने कहा कहा कि  यह पूरे समाज को शर्मसार करने वाली घटना है। हम न्यायपालिका और सरकार से मांग करते हैं कि आरोपियों को बीच चौराहे पर ही फांसी पर लटकाया जाए । राखी वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन सामुहिक बलात्कार की घटना से सभी समाज में आक्रोश है ।  समाज की सचिव गंगा श्रीवासन ने कहा कि  हम सरकार से मांग करते हैं कि दोषियों पर सख्त सख्त कार्रवाई हो।

घटना स्थल से लगे उमरिया गांव से आई बच्चियों ने बताया कि वे रोजाना पढ़ाई करने के लिए शहर आती है, लेकिन घर लौटते वक्त वहां अंधेरा रहता है।  वहां  शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है और ऐसे में आने-जाने में असुविधा होती है। इसलिए हम सरकार से मांग करते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सके। रैली में शारदा वर्मा, डॉली मंडल, संगीता पोमल, योगेश्वरी साहू,साधना गुप्ता, तपश्री आनंद, प्रियंका, निर्मला बहेकर , भारती, रुक्मणि ,श्वेता ,जमुना समेत बच्चियों ने भाग लिया ।


अन्य पोस्ट