रायपुर
रायपुर, 4 सितंबर। प्रसिद्ध वायलिन (बेला) वादक, गायक व कम्पोजर डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति 11 वर्ष की आयु में दुर्घटनावश आँखों की रोशनी चली गई। इसके पश्चात संगीत सीखना आरंभ किया। साथ ही सन् 1975 में ब्रेल लिपि व आगे का अध्ययन करने हेतु रायपुर स्थित शासकीय मूकबधिर अंधविद्यालय से पढ़ाई की। तदुपरान्त मध्यप्रदेश दृष्टिहीन कल्याण संघ इन्दौर में प्रवेश लेकर आठवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। भिलाई के प्रसिद्ध संगीतज्ञ व विद्वान स्व. श्री विमलेन्दु मुखर्जी के निर्देशानुसार इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैराग? में वायलिन सीखने डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। उस वक्त वायलिन के प्रसिद्ध कलाकार श वसंत रानाडे से गुर सीखे। खैरागढ़ में ही रहते-रहते डॉ. मूर्ति ने गायन की शिक्षा प्रो. डॉ. ए.सी. चौबे व श्री बालचन्द्र पंचाक्षरी से ग्रहण किया तथा प्रसिद्ध कलाकार बसंत तिमोथी से सुगम संगीत एवं वायलिन की शिक्षा ग्रहण की। इन्दिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से बी.ए. ऑनर्स, एम.ए. तथा पी.एच.डी. की डिग्री हासिल की। मूर्ति दृष्टिबाधित होते हुए भी यह अहम दिव्यांगता कभी भी इनके कर्मक्षेत्र में बाधा नहीं बन पाई। इनकी प्रतिभा को देखकर कई संगीतज्ञों ने इन्हें संगीत की शिक्षा दी। इसके अलावा सर्वश्री तुलसीराम देवांगन, रत्नाकर गोखले, डॉ. अरूण कुमार सेन, डॉ. श्रीमती अनिता सेन, पं. गुणवन्त माधव लाल व्यास से भी रागों की विस्तृत तालिम हासिल की। मूर्ति वादन शैली में तंत्रकारी एवं गायकी दोनों का प्रयोग दिखाई पड़ता है जो विरली विशेषता है।
मूर्ति भोपाल जबलपुर खौरागढ़, बरेली, मिलाई, ग्वालियर, बनारस, अहमदाबाद, धमतरी एवं रायपुर के अतिरिक्त अनेक संगीत समारोहों में सफलतापूर्वक अपने स्वतंत्र वायलिन वादन की प्रस्तुतियाँ दी।
डॉ. अरुण कुमार सेन, डॉ. श्रीमती अनिता सेन, डॉ. श्रीमती पूर्णिमा चौधरी, अजय पोहनकर, डॉ. चित्रा मोडक़, डॉ. सुनीता भाले, डॉ. वीणा विश्वरूप के साथ वायलिन की बखूबी से संगति की।डॉ. अरूण कुमार सेन के सुप्रसिद्ध गीत रामायण में भी वायलिन की सराहनीय संगति की ।वे वायलिन वादन के साथ-साथ एक अच्छे कम्पोजऱ, हारमोनियम वादक भी हैं। कई सुप्रसिद्ध कलाकारों के साथ हारमोनियम पर संगति की।
मूर्ति आकाशवाणी व दूरदर्शन के भी कलाकार हैं। साथ ही वाद्यवृन्दों की रचना करने में भी दक्ष हैं। इनकी कई रचनाएं विद्यार्थियों के माध्यम से आकाशवाणी व दूरदर्शन में भी प्रसारित हुई हैं और कई वर्कशॉप व सेमिनारों में भी भाग लिया। डॉ. मूर्ति का जन्म 15 जुलाई सन् 1965 में आन्ध्रप्रदेश के अनकापल्ली में एक तेलगू, ब्राम्हण परिवार में हुआ। इनके पिता स्व. श्री एम. साम्ब मूर्ति मिलाई इस्पात संयंत्र में मेनेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए। आपकी प्रारंभिक शिक्षा मिलाई इस्पात संयंत्र में अंग्रेजी मीडियम स्कूल में हुई थी।
सन् 2003 से 2018 तक कमलादेवी संगीत महाविद्यालय, रायपुर में प्रभारी प्राचार्य रहे और अब महाविद्यालय में वायलिन विभाग में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं।