रायपुर

रविवार को भी धरने पर रहे स्वास्थ्य कर्मी, कल फेडरेशन ज्ञापन सौपेंगा
03-Sep-2023 4:41 PM
रविवार को भी धरने पर रहे स्वास्थ्य  कर्मी, कल फेडरेशन ज्ञापन सौपेंगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 सितंबर।
स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल रविवार को 14वें दिन भी राजधानी से लेकर पूरे प्रदेश में जारी रही। राजधानी के कर्मचारी नवारायपुर के तूता में धरनारत रहे।
 सुबह बारिश की वजह से पंडाल क्षतिग्रस्त होने के कारण आज धरना होने में कुछ देरी हुई। इसे सभी नेताओं ने संबोधित किया। सोमवार को पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य कर्मचारी बर्खास्तगी के आदेश जारी करने वाले कलेक्टरों का पुतला दहन करेंगे। कल देर शाम कवर्धा के कलेक्टर ने भी सौ कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। वहीं तृतीय वर्ग कर्मचारी, और फेडरेशन के पदाधिकारी कल कलेक्टरों के नाम ज्ञापन सौपेंगे। 

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने स्वास्थ्य कर्मचारियों पर  दमनात्मक कार्यवाही के खिलाफ जिला,  ब्लॉक स्तर पर कल  4 सितंबर को दोपहर भोजन अवकाश के दौरान सीएम के नाम जिला कलेक्टर/एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज करने का निर्णय लिया है।

संयोजक कमल वर्मा ने सभी कर्मचारी साथियों से  नारेबाजी करते  जिला, ब्लाक संयोजकों से इसे सफल बनाने कहा है।
संचालनालय विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ कार्यकारी अध्यक्ष संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि अपनी जायज मांगो के लिए लडऩे वाले स्वास्थ्य  कर्मचारियों की  बर्खास्तगी की कार्यवाही किया जाना किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नही है। छत्तीसगढ़ न्यायिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष युद्धेश्वर सिंह ठाकुर ने भी इस कार्रवाई की निंदा और विरोध किया है। 
 


अन्य पोस्ट