रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 सितंबर। शनिवार के आयोजन से खफा गृह मंत्री अमित शाह के कड़े निर्देश के बाद सह चुनाव प्रभारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मांडविया आज सुबह रायपुर पहुंचे। शाह ने माथुर को भी रूकने के निर्देश दिए थे। वर्ना माथुर की भी दिल्ली वापसी थी।
बहरहाल, मंडाविया के आज आने का कोई कार्यक्रम नहीं था। कल सरायपाली से लौटने के बाद रायपुर लौटे शाह रिटर्न फ्लाइट पर चढऩे के बजाए ठाकरे परिसर पहुंचे। और आरोप पत्र लॉंचिंग कार्यक्रम को लेकर काफी नाराज हुए। उन्होंने एक के बाद एक प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्रियों और आयोजन के प्रभारियों को आड़े हाथों लिया। एक महामंत्री को तो शाह न् राजधानी में बड़े नेताओं के पीछे घूमने के बजाए क्षेत्र में भेजने के निर्देश दिए ।और वहीं से मांडविया को कॉल कर आज रायपुर आने के निर्देश दिए। इसी सिलसिले में मांडविया सुबह पहुंचे और ठाकरे परिसर में बैठक कर रहे हैं।
बैठक में यह तय किया गया कि कल सोमवार को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों में वरिष्ठ नेता आरोप पत्र को लेकर पत्रकारवार्ता करेंगे।
मीडिया को यह बताया गया है कि बैठक, बघेल सरकार के खिलाफ निकलने वाली दो जन यात्राओं की रूपरेखा बनाने हो रही है। । वहीं सूत्रों का कहना है कि मांडविया कल के फीके आयोजन का रिव्यू कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि इस नाराजगी का असर कुछ नेताओं पर भी पड़ सकता है। कल ही राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल.संतोष भी रायपुर, बिलासपुर के दौरे पर थे। वे आज प्रदेश पदाधिकारियों से चर्चा कर सकते हैं।
रायपुर संभाग में सह प्रभारी नियुक्त
इस बीच पार्टी ने रायपुर संभाग के लिए सह प्रभारी नियुक्त किया है। बिहार भाजपा के कोषाध्यक्ष दिलीप जायसवाल को प्रभारी विधायक सौरभ सिंह के साथ अटैच किया गया है । सिंह अकलतरा से विधायक हैं और उन्हें चुनाव में जुटना है। इसे देखते हुए जायसवाल को नियुक्त किया गया है ।