रायपुर
भूपेश सरकार पर शाह के तीखे हमले कहा-जांच एजेंसियां अपना काम करेंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितंबर। भूपेश सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी करने के मौके पर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने महादेव ऑन लाईन सट्टेबाजी में सरकार की संलिप्तता का अरोप लगाया, कहा कि भाजपा सरकार ने कौशल उन्नयन का काम चालू रखा था, लेकिन आपने छत्तीसगढ़ के बच्चों को दुबई भेजकर ऑन लाइन जुएं की लत लगवाई। इस पूरे मामले पर जांच एजेंसियां अपना काम करेगी। शाह ने कहा कि केवल भाजपा ही छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के घोटालों, अत्याचारों और कुशासन से बचा सकती है।
शाह ने रायपुर में दीनदयाल उपाध्याय सभागार में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आरोप पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ में पांच साल से सत्तारूढ़ घपले-घोटालों की सरकार, अत्याचार की सरकार, वादाखिलाफी की सरकार के खिलाफ जनजागृति फैलाने और राज्य में फिर से भाजपा की सरकार बनाकर उसे विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए यह आरोप पत्र जारी करने का फैसला किया है।
शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार ने 15 साल तक अटलजी के सपने को साकार करने और राज्य को निखारने का काम किया, लेकिन 2018 में जब कांग्रेस सत्ता में आई, तो उसने लूट, भ्रष्टाचार और घोटालों की सरकार बनाई, जिससे छत्तीसगढ़ के विकास के मार्ग पर सवालिया निशान लग गया।
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ की जनता ने हमेशा भाजपा को आशीर्वाद दिया। पार्ट ने राज्य में तीन बार सरकार बनाई। 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को राज्य की 11 में से 10 सीटें मिलीं, जबकि 2019 में नौ सीटें हासिल हुईं। विश्वास है कि 2024 में जनता के आशीर्वाद से मोदी जी के नेतृत्व में फिर से एक बार केंद्र में मजबूत सरकार बनेगी और उससे पहले छत्तीसगढ़ में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार सत्ता में आएगी।
शाह ने कहा कि कांग्रेस ने घपले-घोटाले कर और दिल्ली के दरबार का ‘एटीएम’ बनाकर जिस छत्तीसगढ़ को विकास के रास्ते से भटका दिया है, उसे राज्य में भाजपा की सरकार बनाकर रास्ते पर लाना है।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर वोट बैंक की राजनीति के लिए छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों में बड़े पैमाने पर हो रहे धर्मांतरण को नहीं रोकने का आरोप लगाया।
शाह ने अवैध सट्टेबाजी महादेव ऑनलाइन बुक से जुड हुए कहा कि क्या छत्तीसगढ़ की जनता युवाओं को ऑनलाइन सट्टेबाजी की ओर धकेलने वाली बघेल सरकार चाहती है, या फिर युवाओं का विकास करने वाली भाजपा सरकार चाहती है।उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में जांच एजेंसियां अपना काम करेंगी।