रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। पुजारी पार्क स्थित ईडी कार्यालय के बाहर कांग्रेसी जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेसी प्रदेश में ईडी की कार्यवाही के विरोध में यह प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके लिए ईडी कार्यालय के बाहर टेंट लगाया गया है। इस धरने को देखते हुए दफ्तर परिसर में सीआरपीएफ के जवान बड़ी संख्या में तैनात किए गए थे।
चर्चा यह है कि अंदर ईडी कांग्रेस के कुछ नेताओं से पूछताछ कर रही है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस बीच सूत्र बता रहे हैं कि ईडी ने पिछले सप्ताह जिन लोगों के यहां छापा मारा था, उनमें से कुछ को पूछताछ के लिए तलब किया है। वहीं बाहर धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता केन्द्र, और ईडी पर जमकर आरोप लगा रहे। दोपहर बाद 4 बजे शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, महापौर एजाज ढेबर, और सभापति प्रमोद दुबे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने ईडी अफसरों को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने रमन सिंह के कार्यकाल के दौरान 2003 से 18 तक हुए ओडीएफ, नान, और रतनजोत घोटाले की जांच की मांग की गई है।
दुबे का आरोप था कि ईडी फर्जी तरीके से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जांच कर रही है। एक निष्पक्ष केन्द्रीय एजेंसी, बीजेपी कार्यकर्ताओं की भूमिका में है। क्योंकि भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की कमी है। इस धरने में विधायक कुलदीप जुनेजा, रायपुर प्रभारी प्रतीमा चंद्राकर, ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, महामंत्री मलकित सिंह बैदु, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, डॉ. राकेश गुप्ता, ज्ञानेश शर्मा, खनिज निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन समेत बड़ी संख्या में शहर कांग्रेस, और युवा के कार्यकर्ता मौजूद थे।


