रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अगस्त। माना एयरपोर्ट में टैक्सी बुकिंग करने वाले दो ट्रैवल्स एजेंसी की लड़कियों के बीच रविवार रात एक बार फिर मारपीट हुई। इस बार दोनों पक्षों ने माना थाने में एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। राहुल ट्रैवल्स की प्रीति बर्मन ने डब्ल्यूटीआई ट्रैवल्स की एश्वर्या तारक, और पूजा यादव पर मारपीट की रिपोर्ट की है। इसी तरह से डब्ल्यूटीआई की एश्वर्या ने प्रीति, और अंजू वर्मा पर। माना पुलिस ने धारा 294, 506, 323, 34 का मामला दर्ज किया है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। टीआई ने बताया कि दोनों पक्षों से बयान लिया जाएगा।
इससे पहले भी इनके बीच पैसेंजर बुकिंग को लेकर गाली-गलौज और मारपीट होती रही है। पिछला मामला 7 जुलाई को हुआ था। ये लड़कियां ,लडक़ों की तरह एक दूसरे को गालियां दे रही थीं। बताया गया है कि इनमें से एक ट्रैवल्स का कांट्रेक्ट एएआई से खत्म हो गया है, उसके बाद भी उनका स्टाफ टैक्सी बुकिंग के लिए मौजूद रहता है। और ऐसे विवाद होते हैं। इससे पहले भी राहुल ट्रैवल्स की इन लड़कियों ने एक आटो ड्राइवर के साथ मारपीट की थी।
इस बार भी इन लड़कियों ने एक-दूसरे के काउंटर तक जाकर पैसेंजर बुकिंग का आरोप लगाते हुए झूमाझटकी की। इस मामले के गवाह एयरपोट्र सुरक्षा में तैनात सीआईएफएस के जवान रहे हैं। ये लड़कियां जोर-जोर से चिल्लाते हुए एक दूसरे से गाली गलौज कर रही थीं। किसी ने इस वाकए को रिकॉर्ड कर मोबाइल पर वायरल किया। बता दें कि माना पुलिस ने इससे पहले भी प्रकरण दर्ज किया था, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।