रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 अगस्त। नवा रायपुर स्थित हिदायतुल्लाह लॉ यूनिवर्सिटी में 5वें सेमेस्टर में पढऩे वाली छात्रा ने गुरूवार को आत्महत्या कर ली। उसका शव कमरे के बाथरूम में मिला। जहां पुलिस को प्रारंभिक जांच के दौरान शव के पास कीटनाशक दवाई मिली है। जिससे यही अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवती ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की है। पोर्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले की जानकारी मिल पाएगी। इस मामले में पुलिस लव ट्रेगल से इंकार नहीं कर रही है। लेकिन अभी कुछ कहा नही जा सकता। पुलिस कालेज में अन्य छात्रों पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
राखी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एचएनएलयू की मृतक छात्रा 22 वर्ष की हैं जो मूलत बिहार के जिला मोतिहारी, चंपारण क्षेत्र की रहने वाली है। एचएनएलयू के रजिस्ट्रार विपिन कुमार ने बताया कि दोपहर को लंच के वक्त छात्रा अपने दो दोस्तों के साथ हास्टल के अपने कमरे में थी। वह हास्टल में जिस कमरे में रहती थी, उस कमरे के वाशरूम में गई थी। लेकिन काफी देर बाद भी जब वाशरूम से बाहर नहीं आई और काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद किसी प्रकार की हलचल नहीं होने से उसके दोनों दोस्तों को शक हुआ। जिसके बाद छात्राओं ने इस बात की जानकारी हास्टल के गार्ड को दी।
मौके पर पहुंचे हास्टल गार्ड ने अपने स्तर पर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। इसके बावजूद दरवाजा नहीं खुलने पर हास्टल गार्ड ने दरवाजा को धक्का देकर तोड़ा। वाशरूम में देखा तो वह वहां पड़ी हुई थी। वहीं कीटनाशक की खाली शीशी मिली है। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा ने उसी का सेवन किया है। वहीं इसकी सूचना विश्वविद्यालय प्रबंधन को दी गई। तत्काल छात्रा को बालको अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।


