रायपुर

राजधानी में खुला बीपीओ
23-Aug-2023 5:00 PM
राजधानी में खुला बीपीओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 अगस्त।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने  छत्तीसगढ़ के युवाओं को बीपीओ सेंटर का तोहफा दिया। कलेक्टोरेट के सामने मल्टीलेवल पार्किंग के पांचवे और छठवें माले पर बने इस बीपीओ सेंटर का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। उन्होंने यहां बीपीओ सेंटर में काम करने के लिए एक सौ युवाओं को जॉब लेटर भी दिए। इस बीपीओ सेंटर की स्थापना लगभग दस करोड़ रूपये की लागत से की गई है। 

श्री बघेल की सोच के अनुरूप इस बीपीओ सेंटर के शुरू हो जाने से अब रायपुर के युवाओं को उन्नत व आधुनिक सुविधाओं के जरिए रोजगार के नये अवसर भी मिलेंगे। इस बीपीओ सेंटर के जरिए छत्तीसगढ़ के युवा कॉल सेंटर कस्टमर सपोर्ट, सेल्स एंड मार्केटिंग, डाटा एंट्री, टेक्निकल सपोर्ट, चौट सपोर्ट, बैंक एंड फ्रंट ऑफिस वर्क, सोशल मीडिया हैण्डलिंग, डाटा एनालिसिस जैसे आउटसोर्सिंग व्यवसायों से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री  बघेल ने बीपीओ सेंटर का उद्घाटन करते हुए यहां काम करने के लिए 100 युवाओं को जॉब लेटर भी दिए। इस बीपीओ सेंटर में छत्तीसगढ़ के 500 युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। बीपीओ सेंटर में काम करने के लिए लगभग एक हजार आवेदन मिले थे। तीन दिन की स्क्रिनिंग प्रक्रिया के बाद इनमें से साढ़े छह सौ युवाओं को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। साक्षात्कार के बाद 100 युवाओं का चयन बीपीओ में काम करने के लिए किया गया है। शेष चार सौ युवाओं का चयन भी आने वाले 10-15 दिनों में कर लिया जाएगा और एक महीने की ट्रेनिंग के बाद उन्हें बीपीओ में नौकरी दे दी जाएगी। यहां कार्यरत युवाओं को 15-18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा। 

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, महापौर एजाज ढेबर, विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, सभापति प्रमोद दुबे, पार्षद  जितेन्द्र अग्रवाल एवं आकाश तिवारी भी मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट