रायपुर
वेतन विसंगति की मांग को लेकर प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अगस्त। छत्तीसगढ़ शिक्षक संवर्ग वेतन विसंगति सुलझाने की मांग को लेकर 10 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। हर दिन अलग-अलग प्रदर्शन कर शिक्षक अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा रहे है।
लाखों शिक्षकों के आदोलन में शामिल होने से प्रदेश के स्कूलों में पढ़ाई भी बंद है।आज इसी क्रम में शिक्षकों का राजधानी में जेल भरो आंदोलन रखा है। इस प्रदर्शन में शामिल होने प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में शिक्षक राजधानी पहुंच रहे हैं। पुलिस इन शिक्षकों को रायपुर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, टोल नाके और अन्य जगहों पर ही रोक रही है। पुलिस इन्हें पकडक़र तूता धरनास्थल पर छोड़ रही है।
शिक्षकों की गिरफ्तारी निंदनीय है कोमल हूंपेंडी: आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमल हुपेंडी ने शिक्षकों की गिरफ्तारी की निंदा की है। आज आंदोलनकारियों को प्रदेश अध्यक्ष को हुपेंडी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल साहू एवं प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार झा ने संबोधित करते हुए उन्हें अपना समर्थन व्यक्त किया तथा एक सूत्रीय मांग नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता की गणना और उसके कारण उत्पन्न वेतन विसंगति को तत्काल दूर करने की मांग का समर्थन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि यदि यह सरकार शिक्षकों को गिरफ्तार कर उनकी मांगे पूरा नहीं करती तो हमारे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली के यशस्वी मुख्यमंत्री चुनावी घोषणा पत्र नहीं अपितु गारंटी कार्ड जारी करेंगे तथा शिक्षकों की मांगों को पूरा करेंगे।
पांच नेता रात भर से गायब
शिक्षक नेताओं से सूचना मिली है कि आंदोलन की अगुवाई करने वाले फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष मिश्रा, कौशल अवस्थी, शेषनाथ पांडे, अजय गुप्ता, हेम साहू को रायपुर पुलिस ने गुरुवार रात 11बजे एक होटल से अपने कब्जे में ले लिया था। इनकी गाड़ी सिविल लाइन थाने रखी हुई बताई जाती है। अभी तक यह जानकारी नही मिल पाई है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है या कही नजरबंद किया गया है।