रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 अगस्त। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की दो महत्वपूर्ण बैठकें 19 अगस्त को राजीव भवन में बुलाई गयी है। एआईसीसी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल, अजय माकन इन बैठकों को लेंगे। पहली बैठक सुबह 10 से 12 बजे पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की है। दूसरी बैठक दोपहर 12 बजे से लोकसभा के पर्यवेक्षकों की होगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी सेलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, प्रभारी सचिव डॉ. चंदन यादव, सप्तगिरी शंकर उल्का, विजय जांगिड़, चुनाव के लिये बनाये गये पर्यवेक्षक गण तथा स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य भी शामिल होंगे। इन बैठकों के लिए विधानसभा के पर्यवेक्षक प्रीतम सिंह, और लोकसभा पर्यवेक्षक बाबा सिद्दीकी भी आ रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस ने आज चार समितियों का गठन किया है। इनमें चुनाव घोषणा पत्र समिति का अध्यक्ष मंत्री मोहम्मद अकबर को बनाया गया है। इसमें तीन मंत्री समेत 30 सदस्य लिए गए हैं। वहीं चुनाव प्रबंधन समिति के चेयरमैन मंत्री शिव डहरिया, और छह सदस्य शामिल किए गए हैं। इसके अलावा 9 सदस्यी अनुशासन समिति के अध्यक्ष विधायक धनेन्द्र साहू को बनाया गया है। योजना एवं रणनीति समिति 18 सदस्यों की होगी। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू इसके चेयरमैन होंगे। कल ही इन सभी समितियों की बैठक भी होगी।


