रायपुर

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 13 को भी मतदान केंद्रों में लगेंगे विशेष शिविर
12-Aug-2023 7:23 PM
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने 13 को भी मतदान केंद्रों में लगेंगे विशेष शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अगस्त। विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के पूर्व प्रदेश में निर्वाचक नामावलियों के द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की कार्यवाही चल रही है। इसके तहत विगत 2 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारम्भिक प्रकाशन कर दिया गया है। यह मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट ष्द्गशष्द्धद्धड्डह्लह्लद्बह्यद्दड्डह्म्द्ध.ठ्ठद्बष्.द्बठ्ठ में भी होस्ट की गई है। साथ ही इसकी एक फोटोयुक्त हार्ड एवं एक फोटोरहित सॉफ्ट कॉपी प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी जिला स्तर पर बैठक कर प्रदान की जा चुकी है।

बीते 2 अगस्त को मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ ही इसके विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का काम प्रारंभ हो गया है। 1 अक्टूबर 2023 की अर्हता तिथि में मतदाता सूची में नए नाम जोड़े जाने फॉर्म-6 प्राप्त किए जाने की कार्यवाही शुरू की जा चुकी है।

नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 एवं किसी प्रकार के संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भी लिया जाना प्रारम्भ हो गया है। ये आवेदन आगामी 31 अगस्त तक लिए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 12 अगस्त और 13 अगस्त तथा 19 अगस्त और 20 अगस्त को राज्य के सभी 24 हजार 109 मतदान केन्द्रों में इसके लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट