रायपुर

शिक्षकों के सभी तबादले रद्द करने चौबे अडिग, नहीं मान रहे आग्रह
09-Aug-2023 4:32 PM
शिक्षकों के सभी तबादले रद्द करने चौबे अडिग, नहीं मान रहे आग्रह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 अगस्त। 
शिक्षक पदोन्नति के बाद हुई पोस्टिंग  निरस्त होने  की खबर पर विभाग में हडक़ंप मचा हुआहै। मंगलवार को इस आदेश से प्रभावित होने वाले सैंकड़ों शिक्षक प्रदेश के अलग-अलग जगहों से रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे से मुलाकात की और बातों को भी रखा। हालांकि शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे ने शिक्षकों को दो टूक कह दिया कि निरस्तीकरण का आदेश दे दिया गया है, जल्द ही इस इसे लेकर आदेश जारी हो जायेगा।  कुछ शिक्षक प्रतिनिधिमंडल में शिक्षा मंत्री से साजा  में भी  मुलाकात की और उन्हें संशोधन निरस्त नहीं करने की अपील की। वहां भी  शिक्षा मंत्री, शिक्षकों को स्पष्ट तौर पर कहा कि उन्होंने अधिकारियों को संशोधन लिस्ट निरस्त करने का आदेश दे दिया है। शिक्षा मंत्री ने ये भी कहा कि इस मामले में पैसे के लेनदेन की भी शिकायत हुई है, जिस पर विभाग ने एक्शन लिया है। शिक्षा मंत्री के रूख के बाद शिक्षकों में भी हडक़ंप मच गया है।

माना  जा रहा है कि जल्द ही डीपीआई की तरफ से इस संदर्भ में आदेश जारी कर दिया जायेगा। हालांकि निरस्तीकरण किस तरह की सूची का होगा, क्या उसमें कुछ राहत भी होगी, निर्देश के आधार पर शिक्षकों के पास कुछ विकल्प बचेगा भी या नहीं? इन सब बातों को लेकर कोई भी जानकारी विभाग की तरफ से नहीं दी गयी है। जो भी बातें सोशल मीडिया में आ रही है, उसे विभाग के अधिकारियों ने सिर्फ अफवाह बताया है। एक अधिकारी के मुताबिक आदेश जब आयेगा तभी पता चलेगा कि संशोधन के निरस्तीकरण को लेकर आदेश है, वो किस तरह का है।

आचार संहिता के पहले सुधार लेंगे- चौबे
शिक्षकों के प्रमोशन,पोस्टिंग घोटाले को लेकर शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे ने आज कहा कि चुनाव आचार संहिता लगने से पहले   विभाग के सिस्टम को सुधार लिया जाएगा। आज मीडिया से चर्चा मेंं चौबे ने कहा कि जो अनियमितता सामने आई उस पर कार्रवाई की गई है। आने वाले समय में जिनके नाम आएंगे उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। इस संबंध में पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बयान पर  तंज कसते हुए चौबे ने  कहा कि विभाग में यह जो  सिस्टम बना उसके सूत्रपात करने वाले यही लोग थे। शिक्षा विभाग पवित्र विभाग है, जितना सुधार संभव है करने की कोशिश करेंगे।

निलंबितों  की जगह नई नियुक्तियां 
पोस्टिंग घोटाले में निलंबित अधिकारियों की जगह नई नियुक्तियां शुरू कर दी गई है। इससे शिक्षा मंत्री रविंद्र चौबे के तेवर और गंभीरता को समझा जा सकता है। संयुक्त संचालक कार्यालय में तीन सहायक संचालक के सस्पेंड होने के बाद अब तीन सहायक संचालक की नियुक्ति हुई है। अजीत सिंह जाट को राजिम माध्यमिक विद्यालय प्राचार्य से जेडी कार्यालय रायपुर में सहायक संचालक बनाया गया है। वहीं आलोक चांडक को बीईओ कार्यालय रायपुर आरंग से सहायक संचालक जेडी कार्यालय रायपुर और अमरदास कुर्रे को महासमुंद जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान महासमुंद से सहायक संचालक जेडी कार्यालय रायपुर बनाया गया है।


अन्य पोस्ट