रायपुर

अनियमितता, कार्यवाहक रोजगार सहायक को हटाया
08-Aug-2023 4:42 PM
अनियमितता, कार्यवाहक रोजगार सहायक को हटाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 8 अगस्त।
अभनपुर से लगे ग्राम पंचायत गोतियारडीह में मनरेगा के तहत सरपंच द्वारा अनियमितता की शिकायत की गई थी। आरटीआई कार्यकर्ता मुन्ना बांधे द्वारा मनरेगा के तहत की गई धांधली की सूचना की अधिकार के तहत जानकारी निकाल कर अनियमितता की शिकायत की गई थी।

पश्चात जिला स्तर के अधिकारी द्वारा जांच कराया गया जांच में सही सिद्ध होने पर कार्यवाहक रोजगार सहायक को पद से हटाते हुए, सरपंच से वसूली एवं कार्रवाई के लिए अभनपुर एसडीएम को पत्र प्रेषित किया गया है।

ज्ञात हो कि महात्मा गांधी नरेगा अतंर्गत ग्राम पंचायत गोतियारडीह जनपद पंचायत अभनपुर के सरपंच मुकेश ढ़ीढ़ी द्वारा ग्राम पंचायत में कराये गये कार्यों में अपने रिश्तेदारो अपने चहेते व्यक्तियों के नाम से फर्जी मस्टररोल भर कर राशि आहरण कर बंदरबाट किये जाने की शिकायत की गई है। 

उक्त संबंध में जिला स्तर से गठित जांच दल द्वारा जांच की गई। प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन अनुसार ग्राम पंचायत गोतियारडही में कराये जा रहे मनरेगा अतंर्गत कार्यों में श्रमिक  गुलाब घृतलहरे, वेदप्रकाश घृतलहरे, बिसेसर एवं  मुकेश गहरवाले श्रमिक का समान दिवस एवं समान समय में नगर पंचायत अभनपुर में उपस्थिति एवं मनरेगा मस्टररोल में उपस्थिति दर्ज पाया गया। जिससे मनरेगा अंतर्गत राशि रू. 33760.00 का फर्जी मस्टररोल बनाया जाना पाया गया।

अत: जिला स्तर से गठित जांच दल द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन अनुसार बनाये गये फर्जी मस्टररोल राशि रू. 33760.00 रू. की वसूली सरपंच मुकेश ढीढ़ी एवं कार्यवाहक रोजगार सहायक मनोहर बघेल से नियमानुसार वसूली करते हुए कार्यवाहक रोजगार सहायक को पद से हटाते हुए, सरपंच पर अग्रिम कार्रवाई हेतु अनुविभागीय अधिकारी (रा.) अभनपुर को पत्र प्रेषित कर की गई।

ग्रामीणों ने सरपंच मुकेश ढीढी को धारा 40 के तहत बर्खास्त करने की  मांग की गई है, अगर सरपंच को तीन दिवस के भीतर बर्खास्त नहीं किया गया। ग्रामीणों द्वारा उचित आंदोलन की चेतावनी दी गई है।


अन्य पोस्ट