रायपुर
बैरन बाजार से एक और पकड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अगस्त। सट्टा अब आनलाइन बैटिंग के रूप में बड़े रेसिडेंशियल कॉलोनियों और अपार्टमेंट्स तक जा पहुंचा है। शुक्रवार को बिलासपुर पुलिस स्वर्णभूमि सोसाइटी से महादेव, रेड्डी अन्ना के बड़े बुकी सन्नी पृथवानी को पकड़ ले गई और आज पंडरी, सिविल लाइंस पुलिस ने पाम बलाजियो के पास दो सटोरिए गिरफ्तार किए ।
शनिवार सुबह एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट को सूचना मिली थी कि पण्डरी के वीआईपी स्टेट पाम बिलाजियो, शंकर नगर रोड पेट्रोल पंप के सामने एक व्यक्ति ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा खिला रहा हैै। वहां जाकर मुखबीर के बताये हुलिए के व्यक्ति को पकडक़र पूछताछ में उसने अपना नाम नितिन मोटवानी पिता बैजू मोटवानी, मकान नंबर सी -304 पाम बलाजियो बताया। उसके पास रखे मोबाईल फोन को चेक करने पर वह डायमण्ड नाम के आईडी से ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहा था। उसने यह भी बताया कि वह युसुफ पोट्टी निवासी मौदहापारा से आईडी लेकर सट्टा संचालन कर रहा था।
युसुफ पोट्टी हेड है जो अपने अन्य साथी अजय जैन, सानू, करण, दीपक, नवीन बत्रा एवं फैजू के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों/राज्यों में महादेव एप ऑनलाईन क्रिकेट सट्टा के सिंडिकेट के सदस्य हैं।नितिन मोटवानी को गिरफ्तार कर एक मोबाईल फोन कीमत लगभग 20 हजार रूपए तथा करोड़ों रूपये के ऑनलाईन सट्टे का हिसाब-किताब जप्त कर थाना पण्डरी में धारा 4(क) जुआ एक्ट एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 का अपराध दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना सिविल लाईन क्षेत्रांतर्गत छत्तीसगढ़ कॉलेज के पास सागर जैन पिता सुनील जैन साहू किराना स्टोर के पास बैरन बाजार को गिरफ्तार कर उसका मोबाईल फोन, नगद 12,000/- रूपए एवं करोड़ों रूपये के ऑनलाईन सट्टे का हिसाब-किताब जप्त कर धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 एवं 08 का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया है।
पूछताछ में सागर जैन ने भी युसुफ पोट्टी, अजय जैन, सानू, करण, नवीन बत्रा एवं फैजू के साथ मिलकर सट्टा के सिंडिकेट का संचालन की बात कही। पुलिस दोनों आरोपियों के लेन-देन को होल्ड कराया है।
सिमर्स क्लब का पार्टनर है नितिन
पंडरी पुलिस के मुताबिक नितिन कोटवानी की पंडरी कपड़ा मार्केट में एक दुकान भी है। साथ ही यह बताया गया है कि वह सीमर्स क्लब विधानसभा रोड का पार्टनर भी है। इसके एक पार्टनर सन्नी पृथवानी को बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार को स्वर्णभूमि सोसायटी से गिरफ्तार किया था। वह इस पूरे गिरोह का मुख्य प्वाइंटर है। बिलासपुर पुलिस ने सन्नी को काफी लंबा ट्रेस करते हुए अपनी निगाह में रखा था। वह दिल्ली से सट्टा ऑपरेट करते रहा है। दिल्ली से मुंबई और वहां से रायपुर आने तक बिलासपुर पुलिस ने उस पर निगाह रखी और गिरफ्तार किया। नितिन के बारे में बताया जा रहा है कि वह सिमर्स क्लब में रेस्टोरेंट चलाता था।