रायपुर
निचली बस्तियों में जमा पानी नहीं उतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 अगस्त। बीते दो दिनों से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के चलते एक ओर जहां मौसम में ठंडकता आई है वहीं बारिश के कारण राजधानी के निचले बस्तियों में जल भराव की स्थिति बनी हुई है।
प्रदेश के नदी नाले उफान पर है। लगातार बारिश से रायपुर के मुख्य मार्गों और गली मुहल्लों में जलभराव की स्थिति हो गई है। पानी निकासी का कोई रास्ता न होने के कारण सडक़े ही डूब गई है। काठाडीह, प्रोफेसर कालोनी, भाटागांव से महादेवघाट जाने वाले रास्ते, लालपुर फल मण्डी और कमल विहार के कुछ क्षेत्रों में जलभराव होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के आशंका जताई है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुक्रवार से लगातार बारिश का प्रभाव थोड़ा कम होना शुरू होगा। रायपुर का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश भर में एक जून से लेकर अब तक की स्थिति में बारिश सामान्य से 10 फीसद कम है। बीजापुर में सर्वाधिक और सरगुजा में सबसे कम बारिश हुई है।
मुंगेली, पेंड्रा, कबीरधाम जिले में भारी वर्षा की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक अवदाब उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र में स्थित है। यह 17 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मानसून द्रोणिका अमृतसर, करनाल, मेरठ, बालासोर और उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बिजली भी गिर सकती है।


