रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। मध्यप्रदेश पापुनि के पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कहा है कि देश में कुछ साम्प्रदायिक सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि सार्वजनिक रूप से अपने बयानों द्वारा देश के सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को जानबूझकर वर्ग विशेष के धर्म या धार्मिक विश्वासों को अपमानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कृत्य देश की एकता, अखण्डता एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को सोची समझी साजिश के तहत नष्ट करने का कुप्रयास है। इससे देश को खंडित एवं पुन: विभाजित करने की ओछी मानसिकता परिलक्षित होती है जो किसी षडय़ंत्र की ओर इंगित करता है।
जनप्रतिनिधियों द्वारा भडक़ाऊ कथन देश हित के विपरीत है तथा धर्म विशेष के लोगों को उद्वेलित एवं उत्तेजित करने का प्रयास है। भडक़ाऊ, उत्तेजक एवं विस्फोटक बयान देने वालों को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत तत्काल गिरफ्तार कर दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 295 (ए) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध करना राष्ट्रहित में होगा तथा दोषी पाए जाने पर जनप्रतिनिधि को तत्काल पदमुक्त किए जाने का प्रावधान किया जाए। इस प्रक्रिया से बड़बोले उन्माद फैलाने वाले तथाकथित नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों पर लगाम कसी जा सकती है तथा उन्हें चुनाव लडऩे से अपात्र घोषित किये जाने का कानून बनाना वक्त का तकाजा है।