रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। वित्त विभाग के 5 फीसदी महंगाई राहत जुलाई 23 से देने के आदेश पर पेंशनरों ने असंतोष जाहिर किया है। छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर फेडरेशन के तत्वावधान में प्रदेश के 4 पेंशनर संगठन क्रमश: छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ, पेंशनर्स एशोसिएशन छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ,भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ तथा पेंशनर्स समाज कांकेर जिला इकाई ने 10 अगस्त को मंत्रालय घेराव करने का निर्णय लिया है।
जारी विज्ञप्ति में आगे बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन ने 2 अगस्त 23 को जारी एक अन्य आदेश में केवल कर्मचरियों के लिए 4 फीसदी महंगाई देने का आदेश किया है और पेंशनर्स को फिर से छोड़ दिया है, यह बुजुर्ग पेंशनरों के साथ घोर अन्याय किया है। मध्यप्रदेश शासन 7 माह से मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 की धारा 49(6) का हवाला देकर पेंशनरों को जनवरी 23 से 5 फीसदी महंगाई राहत देने हेतु सहमति मांग रहा है परंतु छत्तीसगढ़ राज्य सरकार उन्हे सहमति नहीं दी और 2 अगस्त को जारी आदेश में एरियर राशि को हजम कर जुलाई 23 से लाभ दिया गया। जबकि नियमानुसार इसका लाभ केन्द्र के देय तिथि जुलाई 22 से देना था।
दोनों राज्यों के पेंशनर्स को नुकसान
मध्यप्रदेश के वित्त सचिव द्वारा 5 जून 23 को पत्र भेज कर धारा 49 के बाध्यता के कारण छत्तीसगढ़ शासन से मध्यप्रदेश के पेंशनरों को 1/1/23 से महंगाई भत्ता देने सहमति मांगा था। इस प्रस्ताव पर सहमत न होकर छत्तीसगढ़ ने 2/8/23 को पत्र भेजकर पेंशनरों को 1/7/23 से महंगाई राहत देने की सहमति दी है। और इसी अनुरूप 2/8/23 को छत्तीसगढ़ में पेंशनरों को महंगाई राहत देने का आदेश जारी किया। इससे दोनों राज्य के लगभग 6 लाख पेंशनरों केेे हितों पर छत्तीसगढ़ ने कुठाराघात किया। इसे लेकर पेंशनरों में असन्तोष है।