रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अगस्त। सहायक शिक्षक से शिक्षक पदोन्नति, और पोस्टिंग के घोटाले में मंत्री रविन्द्र चौबे की कार्रवाई के बाद से इसे लेकर कई नई खुलासे हो रहे हैं। शिक्षकों का ही कहना है कि इस पोस्टिंग में शिक्षा विभाग के अफसर, और शिक्षक संगठनों के नेताओं के कॉकस ने लाखों का खेल किया है। यह पूरा खेल जून में खेला गया है।
सरगुजा से लेकर दुर्ग तक रिक्त पदों से अधिक शिक्षकों को स्कूलों में पदस्त किया गया। इसके चलते शिक्षक विहीन स्कूलों में शिक्षक भेजे ही नहीं गए, और जिला , ब्लॉक मुख्यालय के स्कूलों में ही पोस्टिंग कर दी गई।
कहां कितनी पदोन्नति और संशोधन हुआ
सरगुजा-2793 शिक्षकों की पदोन्नति हुई। जावक पंजी में 2767 का आदेश मिला। 26 लोगों की आदेश प्रविष्टि जावक पंजी से गायब। 385 शिक्षकों के पोस्टिंग आदेश में संशोधन। इसमे भी जावक पंजी में सिर्फ 301 की संख्या दर्ज है। 84 नामों मे खेल किया गया।
दुर्ग-1504 सहायक शिक्षक की पदोन्नति हुई।काउंसलिंग के जरिए पदस्थापना। बाद मे 438 शिक्षक के आदेश पर संशोधन किया गया।
रायपुर-3335 पद रिक्त हैं। ई और टी संवर्ग में 1283 शिक्षक के प्रमोशन आदेश जारी हुए। ओपन काउंसलिंग के बाद पदस्थापना में संशोधन करते हुए 778 के अभ्यावेदन प्राप्त हुए थे। निर्णय लेने छानबीन समिति बनाई गई थी। 778 में से 543 शिक्षक के पदस्थापना आदेश संशोधन किए गए।