रायपुर

सरोरा में डबल मर्डर : सौतेलों से था विवाद, मां-भाई की हत्या
02-Aug-2023 6:21 PM
सरोरा में डबल मर्डर : सौतेलों से था विवाद, मां-भाई की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अगस्त। राजधानी के उरला इलाके में बीती रात डबल मर्डर हुआ। उरला के सरोरा ठाकुर देव चौक निवासी राजकुमार साहू ( 25) अपनी सौतेली मां हेमिन साहू (45), सौतेले भाई रोहन (16) और बहन के साथ में रहता है। कल रात किसी बात को लेकर उनमें वाद विवाद हुआ। इस पर तैश में आकर राजकुमार ने तलवार से पहले मां,फिर भाई पर वार किया। इसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई । चीख पुकार सुनकर आई सौतेली बहन बीच बचाव के लिए पहुंची तो राजकुमार ने उस पर भी हमला किया। इसमें वह घायल हो गई । उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर  उरला पुलिस  और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच जांच में जुट गई है। युवती के होश में आने पर ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा।

उरला थाना प्रभारी बृजेश कुशवाहा ने बताया कि सौतेले बेटे ने मां और सौतेले भाई की हत्या कर दी। हालांकि पुराने विवाद के चलते हत्या की वजह सामने आ रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे दोनों की जान लेने के बाद वह फरार हो गया था। आज सुबह दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची, तो देखा भीतर दो लाशें थीं। एक लाठी पड़ी थी और युवती हेमा घायल थी।

पुलिस ने हेमा को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा, और लाशों को पोस्टमार्टम के लिए। यह भी बतया गया कि पिता ने दो शादियां की थी, शो इन सौतेलों परिवारों में विवाद अक्सर होते थे।


अन्य पोस्ट