रायपुर

आप ने किया सद्बुद्धि यज्ञ, प्रशासन ने दिया एक माह में पट्टा देने का लिखित आश्वासन
01-Aug-2023 6:30 PM
आप ने किया सद्बुद्धि यज्ञ, प्रशासन ने दिया एक माह में पट्टा देने का लिखित आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अगस्त। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  कोमल हूंपेंडी के निर्देश पर प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास का घेराव करने का निर्णय लिया गया है। निर्वाचित विधायक मतदाताओं से किए गए वादे को पूरा नहीं कर पा रहे हैं। उसी कड़ी में आज रायपुर राजधानी के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में गांधीवादी तरीके से यज्ञ पूजा पाठ कर विकास उपाध्याय को ज्ञापन दिया गया। कलेक्टर के प्रतिनिधि श्री प्रमोद गुप्ता तहसीलदार द्वारा लिखित में आश्वस्त किया गया कि 1 माह में झुग्गी वासियों को पट्टा दिया जाएगा।

आम आदमी पार्टी के जिला सचिव विजय कुमार झा ने बताया है कि आज अनुपम उद्यान के पास गांधीवादी तरीके से यज्ञ हवन पूजा पाठ किया गया।  9 अगस्त, अगस्त क्रांति है। पूरे देश में अगस्त माह को क्रांति के रूप में जाना जाता है। आज 1 अगस्त को पश्चिम विधानसभा से विधायकों का घेराव प्रदर्शन प्रारंभ हुआ। धरना देने वालों ने एक स्वर से रघुपति राघव राजा राम विकास उपाध्याय को सद्बुद्धि दे भगवान तथा राम तेरी गंगा मैली हो गई कांग्रेसियों के पाप धोते-धोते, हर हर गंगे हर हर गंगे का सस्वर पाठ किया। हवन के बाद आरती उपरांत विकास उपाध्याय के निवास की ओर कूच किया गया। जहां पुलिस प्रशासन ने रोककर तहसीलदार श्री प्रमोद गुप्ता को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने लिखित में आश्वासन दिया है कि एक माह में आंदोलनकारियों के पश्चिम विधानसभा के झुग्गी वासियों को पट्टा दे दिया जाएगा। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से विजय गुरबक्क्षानी, पीएस पन्नू, नंदन कुमार सिंह, विजय कुमार झा, वीरेंद्र पवार, राशिद अली, एमएम हैदरी, रघुनाथ यादव, विजय लक्ष्मी तिवारी, अनुषा जोशी, सहित सैकड़ों जोगी वासी मौजूद थे। 


अन्य पोस्ट