रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अगस्त। भाजपा एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि प्रदेश की बघेल सरकार केन्द्र के फंड का दुरूपयोग कर रही है। कांग्रेस ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की। और वह घोटालों के लिए जानी जाती है। इससे पहले आर्य ने कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. अंबेडकर, और छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतीमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
वे पदाधिकारियों की आज हुई बैठक के लिए आए हुए हैं। इस बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल हो रहे हैं। वे आज रायपुर पहुंचे। संतोष का रात्रि विश्राम ठाकरे परिसर में है। वे रात प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, और सभी महामंत्री को बुलाए गए हैं। अजा मोर्चा की बैठक में देशभर के 80 दिग्गज अजा नेता शामिल हैं।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, 35 संगठन राज्यों के मोर्चा प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष शामिल हैं। श्री मार्कण्डेय ने कहा कि बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ ही महासंपर्क अभियान की रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए कल्याणकारी कार्यक्रमों व योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की योजना पर बैठक में चर्चा होगी, साथ ही छत्तीसगढ़ व राजस्थान में दलितों, विशेषकर दलित महिलाओं पर बढ़ी अत्याचार की घटनाओं को लेकर दोनों प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत जागृत करने की योजना बनाई जाएगी।