रायपुर

पिकअप से टकराकर हाईवा के नीचे आए बाइक सवार
30-Jul-2023 7:27 PM
पिकअप से टकराकर हाईवा के नीचे आए बाइक सवार

 एक की मौत, दो घायल, ग्रामीणों का चक्काजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 30 जुलाई।
भीषण सडक़ हादसे में बाइक सवार एक युवती की मौत हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। 

शनिवार को नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी घूमकर लौट रहे बाइक सवार ओवरटेक के चक्कर में पिकअप से टकराकर हाईवा के नीचे आ गए। इससे बाइक में बैठी युवती योगिता यदु की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक अन्य युवती भूमिका का एक पैर कट गया। बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है। हाईवा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 

राखी थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने बताया कि चंपारण निवासी युवतियां योगिता और भूमिका युवक साहित सोनी के साथ जंगल सफारी घुमने के लिए बाइक से गई थीं। वहां से वापसी के दौरान ग्राम खंडवा के पास यह हादसा हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर हादसे के बाद नवा रायपुर के ग्राम खंडवा इलाके के ग्रामीण आक्रोशित हो गए। जिला पंचायत सदस्य रानी पटेल जिला ने खंडवा और कुर्रू के आक्रोशित ग्रामीणों के साथ मिलकर चक्काजाम किया। उन्होंने हाईवा चालक पर कड़ी कार्रवाई करने और मृतक व घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए हाईवा को बीच सडक़ पर खड़ा दिया था।

 पुलिस अधिकारियों के काफी समझाने पर उन्होंने चक्काजाम खत्म किया। मौके पर अभनपुर एसडीएम सहित राखी थाना प्रभारी एवं स्टाफ पहुंचे थे।


अन्य पोस्ट