रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। राज्य सरकार ने पुलिस रेंज का पुनर्गठन करते हुए एक नए आईजी रेंज बनाए हैं, और रायगढ़ को डीआईजी रेंज बनाए गए हैं। इसके पीछे दूरस्थ इलाकों में कानून व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को दूर करने के साथ ही पुलिस मुख्यालय में आईजी स्तर के अफसरों को फील्ड वर्किंग देना भी कारण बताया गया है । और फिर बीते दो वर्षों में राज्य में नवगठित जिलों की पुराने रेंज से दूरी भी अहम कारण है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रायपुर रेंज में किया प्रयोग बाकी संभाग में भी लागू किया गया है । पुलिस अकादमी चंदखुरी के संचालक रतन लाल डांगी को सिर्फ रायपुर राजधानी जिले के आईजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अब अजय यादव रायपुर से मुक्त होकर आईजी इंटेलिजेंस ही देखेंगे। विस, लोस चुनावों को देखते हुए उन्हें स्वतंत्र किया गया है । केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे आईजी अंकित गर्ग को सरगुजा रेंज की कमान दी गई है। वहीं बिलासपुर के आईजी बी एन मीणा दुर्ग रेंज का आई जी बनाते हुए रेंज के दायरे में कटौती की गई है । अब इस रेंज में दुर्ग, बेमेतरा और बालोद ही होंगे। वहीं राहुल भगत नये राजनांदगाँव रेंज के आईजी के रूप में मुख्यालय के साथ कवर्धा, खैरागढ़ - छुईखदान - गंडई और मोहला मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले देखेंगे। बिलासपुर, सरगुजा रेंज को विभाजित कर बने आईजी रायगढ़ के रूप में डीआईजी राम गोपाल गर्ग को रायगढ़ , सक्ती और जशपुर का प्रभार दिया गया है।




