रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जुलाई। आमापारा चौक से लाखे नगर ब्राह्मण पारा वार्ड के रोड में अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य विगत एक महीने से अधिक दिनों से चल रहा है जिसके कारण ब्राह्मण पारा वार्ड में अमृत मिशन की पाइपलाइन को तोड़ दिया गया जिससे काफी घरों में पीने के पानी की समस्या उत्पन्न हो गई।
स्मार्ट सिटी के केबलिंग के कारण ब्राह्मण पारा के बड़े एरिया का गंदा पानी जिस तीन नाले से जाता था उस नाले को भी पूरी तरह छोडक़र मलवा कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े को पुलिया में डालकर पुलिया को पैक कर दिया गया जिसके कारण पूरे वार्ड का गंदा पानी उस पुलिया से जाता था वह पूरी तरह बंद हो गया।
लोगों के घरों में पानी घुस गया जिससे लोगों को परेशानी हुई ब्राह्मण पारा वार्ड के तीन पुलिया को तोड़ दिया गया था। ठेकेदार की शिकायत करने पर भी न निगम आयुक्त सुन रहे हैं न स्मार्ट सिटी के एमडी सुन रहे हैं यह ठेकेदार की लापरवाही और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के भ्रष्टाचार को उजागर करता है जिसके कारण ठेकेदार पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं हो रही है।
पार्षद का कहना है कि कई बार मौखिक रूप से और लिखित में उस क्षेत्र की शिकायत की है फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उस क्षेत्र में कई बार एक्सीडेंट हो चुके हैं लोगों की गाडिय़ां गड्ढे फंस जा रही है। आने जाने वालों को बहुत ही दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इससे साफ जाहिर है पूरे शहर को नगर निगम और स्मार्ट सिटी के बजाय ठेकेदार ही चला रहे हैं।