रायपुर

प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में बनेगा भवन-शफी अहमद
15-Jul-2023 9:49 PM
प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में बनेगा भवन-शफी अहमद

श्रम कल्याण मंडल की बैठक में कई विषयों पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,15 जुलाई। श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष शफी अहमद की अध्यक्षता, उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, आयुक्त एस.एल. जांगड़े एवं संचालक सदस्यों की उपस्थिति में 14 जुलाई को छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल की संचालक बैठक न्यू सर्किट हाउस सिविल लाईन, रायपुर में हुई।

बैठक का शुभारंभ शफी अहमद, अध्यक्ष छग श्रम कल्याण मंडल, उपाध्यक्ष, कल्याण आयुक्त एवं संचालक सदस्यों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी तथा भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर किया गया।

पूर्व में हुई समस्त संचालक बैठकों के कार्य एवं प्रगति की समीक्षा सह एजेण्डा अनुसार सभी विषयों पर बैठक में चर्चा की गई। एजेण्डा के सभी बिंदुओं जैसे श्रम अन्न केन्द्रों के अभाव वाले जिलों में दो हजार से अधिक पंजीकृत संगठित श्रमिक पाये जाने पर नवीन श्रम अन्न केन्द्र प्रारंभ करने के कार्य को गंभीरता के साथ उचित समय-सीमा के भीतर क्रियान्वित करना, प्रदेश के समस्त जिलों में खेलकूद प्रतियोगिता एवं साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, मंडल अधीन समस्त लंबित प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण न होने पर जिम्मेदार कर्मचारी/प्रभारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई करना, नवीन योजनांतर्गत श्रम-मित्रों की नियुक्ति के कार्य को 15 दिवस के भीतर पूर्ण करने का आदेश, प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक भवन का निर्माण एवं मंडल के स्वयं के भवन विषयांतर्गत कार्यों की प्रगति को प्रतिदिन समीक्षा कर 15 दिवस के भीतर भूमि आबंटन के कार्य को पूर्ण करने का आदेश, तीन हजार से अधिक पंजीकृत संगठित श्रमिक (आई.पी.) की प्राप्ति होने पर उक्त जिलों में ई.एस.आई.सी. डिस्पेंसरी के प्रस्ताव के विषय को कड़े निर्देशों के साथ शासन की ओर प्रेषित करने का आदेश, मंडल अधिवक्ता (पैनल लॉयर) की नियमानुसार मंडल में नियुक्ति करने के कार्य को 15 दिवस के भीतर पूर्ण करने का आदेश, मंडल में कार्यरत कर्मचारियों के ग्रेच्यूटी संबंधी पत्राचार शीघ्र से शीघ्र शासन की ओर प्रेषित करने का निर्देश मंडल में कार्यरत् समस्त प्लेसमेंट कर्मचारियों के कार्य अनुभव, कार्यालयीन कार्य आवश्यकता एवं हित को दृष्टिगत रखते हुए उक्त प्लेसमेंट कर्मचारियों को अतिक्रमण कर नियमत: संविदा नियुक्ति करने का आदेश, साथ ही समस्त प्रस्तावों की समीक्षा उपरांत परिणाम एवं श्रम कल्याण मंडल की प्रगति के उद्देश्य से अध्यक्ष द्वारा कल्याण आयुक्त एवं मंडल के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण को कार्यों को गंभीरता से संपादित करने का निर्देश दिया। अध्यक्ष के आदेशानुसार सभी प्रस्तावों को प्रशासकीय स्वीकृति हेतु शासन को प्रेषित किये जाने का संकल्प भी लिया गया।


अन्य पोस्ट