रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जुलाई। सर्व संविदा कर्मचारी महासंघ कल मंत्रालय घेराव की कोशिश के बाद 17 जुलाई को जेल भरो आंदोलन करेगा। इसका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष कौशलेश तिवारी प्रदेश अध्यक्ष तथा सूरज कुमार सिंह प्रदेश महामंत्री करेंगे। 3 जुलाई 2018 को सर्व संविदा कर्मचारियों के आंदोलन के दौरान टीएस सिंहदेव ने वचन दिया था कि सरकार बनने पर 10 दिन में नियमितीकरण किया जाएगा। उन पर विश्वास करते हुए संविदा कर्मचारी पूरी ताकत से कांग्रेस की सरकार बनाने में सहयोग दिया। किंतु 5 साल में कोई निर्णय न होने से पांचवी बरसी के रूप में बीते 3 जुलाई से प्रत्येक जिले में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे थे।
10 जुलाई को पूरे प्रदेश के हर जिलों से नवा रायपुर तूता पहुंचकर प्रांत व्यापी विशाल रैली निकाल मंत्रालय घेराव के लिए कूच किया था।जहां मंत्रालय चौक पर पुलिस द्वारा रोककर झूमाझटकी की गई । अब 14 जुलाई को अनियमित कर्मचारी महासंघ मोर्चा के संरक्षक गोपाल प्रसाद साहू के नेतृत्व में आंदोलन करेगा। तृतीय वर्ग. कर्मचारी संघ के पूर्व प्रांताध्यक्ष विजय झा ने कहा कि 5 साल में नियमितीकरण न होने तथा 3 जुलाई 2023 को पांचवीं बरसी होने पर आंदोलन तेज कर दिया है।


