रायपुर
दुबई से कारोबार संचालित कर यूके शिफ्ट होने की चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 जुलाई। प्रदेश में छाए हुए महादेव आनलाइन सट्टे के संचालकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर एवं रवि उत्पल के विरुद्ध रायपुर पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर (एल ओ सी)जारी कराया गया है। यह सर्कुलर ब्यूरो ऑफ़ इमिग्रेशन, गृह मंत्रालय, भारत सरकार से जारी किया गया है।
बीते डेढ़ वर्षों के दौरान यह एप छत्तीसगढ़ के साथ देश के अन्य राज्यों में खूब फैला और करोड़ों अरबों रूपए के दांव खेले गए। पुलिस ने अब तक इनके सौ से अधिक प्वाइंटर गिरफ्तार किए और कुल दो सौ करोड़ रूपए सीज- होल्ड कराया है।वहीं इसमें प्राफिट भी सैकड़ों करोड़ बटोरे गए। इनके मुख्य संचालक, जिन्हें पुलिस ने सरगना कहा है उन्होंने भी करोड़ों कमाए। ये दोनों सरगना सौरभ चंद्राकर दुर्ग और रवि रायपुर के रहवासी हैं । सौरभ इंजीनियरिंग पास आउट है। कारोबार फैलने पर सौरभ,रवि पहले दुबई और अब यूके में रहने लगे हैं।
ऐसी भी चर्चाएं हैं कि सौरभ ने अपनी शादी मलेशिया में क्रूज़ में की थी। इसमें शामिल होने सौरभ ने दुर्ग भिलाई के अपने करीब तीन सौ दोस्तों और परिजनों को अपनी व्यवस्था पर आमंत्रित किया था। हालांकि इसकी पुष्टि किसी भी एजेंसी ने नही की थी। इसी तरह से यह भी कहा जाता रहा है कि रिटर्न गिफ्ट में सौरभ ने हरेक को आईफोन देकर बिदा किया था । सौरभ और उसके साथियों के खिलाफ ईडी ने कुछ अर्सा पहले प्रकरण दर्ज किया था।
23 सटोरिए और पकड़ाए
अभनपुर पुलिस ईई विद्युत मंडल के अपहरणकर्ता आरोपी के जरिएआनलाइन सट्टा महादेव रेड्डी अन्ना एप के गिरोह या खुलासा किया। यह आरोपी स्वयं भी इस एप का बड़ा प्वाइंटर है। इसके छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के 17 सहित 23 सटोरिये गिरफ्तार किए गए। थाना अभनपुर में दर्ज धारा 365, 511, 34 भादवि. के प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी मधुकर सिन्हा के मोबाईल फोन जांच पर सट्टा संचालित का खुलासा हुआ। मधुकर सिन्हा एवं अजय उर्फ पिंटू नेताम रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर में दर्ज धारा 507 भादवि. के भी आरोपी है। इन सटोरियों से 5 लैपटॉप, 50 मोबाईल फोन, 4 बैंक पासबुक, 4 चेक बुक, 8 ए.टी.एम. कार्ड, 1 वाई-फाई राउटर, 1 कैल्क्यूलेटर तथा 4 रजिस्टर जब्त किए गए हैं।


