रायपुर
ब्रेक इन सर्विस के ऑर्डर से न डरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 जुलाई। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने रविवार को बैठक कर 1 अगस्त से बेमुद्दत हड़ताल की प्रारंभिक रणनीति बनाई। इस बात पर रोष जताया कि पखवाड़े भर पहले नोटिस देने के बाद भी सरकार और मुख्य सचिव ने संवाद करने की पहल नहीं की।
बैठक में संयोजक कमल वर्मा, अनिल शुक्ला, महेंद्र सिंह राजपूत,चंद्रशेखर तिवारी समेत सभी पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। पहले 7 जुलाई के सामूहिक अवकाश आंदोलन की जिलेवार समीक्षा की। जिलाध्यक्षों ने बताया कि उनके यहां शत प्रतिशत अवकाश रहा। साथ ही बताया कि अब सभी बेमुद्दत हड़ताल के लिए 1 अगस्त का इंतजार कर रहे हैं। यह तय किया गया कि अगले आंदोलन के लिए संयुक्त मोर्चा की रणनीति बताने जल्द जिलों में पर्यवेक्षक भेजे जाएंगे । जो वहां बैठके कर आंदोलन की रूपरेखा, नेताओं के संबोधनों की भाषा और आंदोलन की शालीनता की भी जानकारी देंगे। ताकि किसी भी तरह से कानून व्यवस्था की स्थिति न बने और सरकार को हड़ताल तोडऩे का अवसर न मिले। इससे पहले सरकार के विस सत्र के दौरान कर्मचारियों की मांगो को लेकर रूख का आंकलन किया जाएगा। फिर जिला, संभाग स्तरीय बैठक और फिर हड़ताल । बैठक में मोर्चा ने सरकार को चुनौती दी कि वह ब्रेक इन सर्विस का कदम उठाए। 4-5 लाख अधिकारी,कर्मचारियों के एक एक नाम से आदेश जारी करे। ब्रेक इन सर्विस यदि लागू किया है तो उसका भी आदेश हरेक को दिया जाना चाहिए।सभी साथियों ने कहा कि यह एक जनरल, स्टैंडिंग आर्डर है जिसे नये कवरिंग लेटर के साथ जारी किया गया है। और इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है।