रायपुर

शिक्षा कर्मी विधवाओं को नहीं मिली अनुकंपा नियुक्ति, 11 को मंत्रालय का घेराव करेंगी
09-Jul-2023 8:46 PM
शिक्षा कर्मी विधवाओं को नहीं मिली अनुकंपा नियुक्ति, 11 को  मंत्रालय का घेराव करेंगी

पिछले 9 माह से लगातार आंदोलन पर हैं महिलाएं और बच्चे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 9 जुलाई। राजधानी  में बीते 9 महीने से प्रदेशभर की विधवा महिलाएं अनुकंपा नियुक्ति  की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। ये सभी उन शिक्षा कर्मियों की विधवाएं हैं जिनकी  बीते दो-तीन वर्षों में कोरोना व अन्य दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई है। 

 महिलाएं बूढ़ातालाब धरना स्थल पर अपनी मांग को मनवाने के लिए नए-नए तरीके से प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान अपनी ओर करती रही हैं । इसमें बूढ़ातालाब में जल समाधि, सरकार की शव यात्रा, धरना स्थल पर सब्जी बेचने और नाश्ते का ठेला लगाने के अलावा फांसी लगाने जैसे प्रदर्शन शामिल है।  लेकिन अभी तक उनकी मांगे पूरी नहीं हुई है।वहीं अब अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ ने बड़े स्तर पर आंदोलन करने का निर्णय लिया है। संघ के बैनर तले विधवा महिलाएं 11 जुलाई को मंत्रालय का घेराव करेंगी।

बता दें कि अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर दिवंगत पंचायत शिक्षक की विधवाएं 272 दिनों से आंदोलनरत है। दिवंगत शिक्षाकर्मियों की विधवाएं 20 अक्टूबर 2022 से एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। महिलाओं ने सीएम हॉउस का घेराव से लेकर आत्मदाह तक की कोशिश की है लेकिन बावजूद इसके सरकार ने अभी तक उनकी मांगे पूरी नहीं की है। पूर्व पंचायत मंत्री टी एस बाबा से भी इनकी विस्तृत चर्चा हो चुकी है । इनका कहना है कि पंचायत,शिक्षा विभाग न सही उनकी योग्यता अनुसार किसी भी विभाग में भी दिया जाए। इसी मांग को लेकर  अब अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ 11 जुलाई को 3 बजे मंत्रालय का घेराव करेगा।


अन्य पोस्ट