रायपुर
पुलिस ने निकाला जुलूस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जुलाई। गीतांजलि एक्सप्रेस से आए युवक से आधी रात मोबाइल फोन और नगदी लूटने वाले 3 आरोपियों को गंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।आटो चालक ने अपने साथियों के साथ लूट को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनका जुलूस भी निकाला ।
गंज पुलिस के मुताबिक किशोर साहू ग्राम पथर्री पटेवा महासमुंद का निवासी है । वर्तमान में वह अनंत विहार दलदलसिवनी में रहकर प्रोजेक्ट हैण्डलिंग का कार्य करता है। किशोर शुक्रवार रात नागपुर से गीतांजली एक्सप्रेस से अपने छोटे भाइयों के साथ रात करीब 1.00 बजे रायपुर के रेल्वे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान वह अपने मोबाईल फोन में बात करते हुए रेलवे स्टेशन के बाहर वसुंधरा होटल के पास पहुंचा था कि उसी समय एक आटो क्रमांक सीजी/04/के वाय/7063 में सवार कुछ लडक़े एवं चालक आटो से नीचे उतरकर उसे पकड़ लिया और जान से मारने की धमकी देते हुये उसका मोबाईल फोन लूट कर फरार हो गये। इस पर गंज पुलिस ने धारा 392, 34 भादवि. का अपराध दर्ज कर पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने किशोर, उसके भाइयों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना स्थल तथा उसके आस-पास लगे सी.सी.टी.व्ही. फुटेज का भी अवलोकन किया। इसी दौरान मिली जानकारी पर अनीश खान उर्फ सुरजीत, समीर अहमद तथा अंसार उर्फ बबुआ को पकडक़र कड़ाई से पूछताछ करने ने लूट स्वीकारा। तीनों को गिरफ्तार कर उनसे कब्जे से लूट का मोबाईल फोन के साथ आटो जप्त किया । इनमें अनिश खान उर्फ सुरजीत उम्र 21 वर्ष निवासी गैंती बरूआ जिला हमीरपुर यूपी हाल पता शहिदनगर बीरगांव उरला,समीर अहमद उम्र 19 वर्ष निवासी मौदहा बदनू मोहल्ला हमीरपुर यूपी हाल पता बंजारीनगर उरला,अंसार उर्फ बबुआ उम्र 28 वर्ष निवासी बाधुर बीवार हमीरपुर यूपी हाल पता गाजी नगर बीरगांव खमतराई रायपुर।