रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 जुलाई। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल परिक्षेत्र में आने वाले मंडल के सांसदों के साथ महाप्रबंधक की बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में जबलपुर के सांसद राकेश सिंह ने कहा कि कोरोना काल से बंद ट्रेनों को शुरू किया जाए, साथ ही जबलपुर से रायपुर के बीच एक नई ट्रेन को भी शुरू किया जाए।
बैठक में महाप्रबंधक श्री गुप्ता ने सभी सांसदों का स्वागत करते हुए उनके द्वारा दिए जाने वाले सुझावों का स्वागत किया तथा बताया कि प्रदेश को तीन वंदे भारत एक्सप्रेस गाडियां मिली हैं, जिससे कि डब्लूसीआर जबलपुर के यात्रियों को इसका लाभ मिल रहा है, इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 15 स्टेशनों को शामिल किया गया है। जल्द ही विकास के कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इस अवसर पर डीआरएम श्री विवेक शील ने पावर पॉइंट के द्वारा मंडल में हुए विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
सांसद राकेश सिंह ने रखी यह मांग, दिये यह सुझाव
इस अवसर पर सांसद जबलपुर राकेश सिंह ने सुझाव दिया कि कोरोना काल में बंद गाडियों को पुन: चालू किया जाए इसके साथ ही जबलपुर से गोंदिया मार्ग से रायपुर के लिए यात्री गाडिय़ों को चलाया जाए, जिससे क्षेत्र का विकास होगा और इस परियोजना को सार्थकता मिलेगी। उन्होंने जबलपुर से रायपुर के लिए ट्रेन चलाने के साथ ही मदन महल स्टेशन के विकास को गति देने का सुझाव दिया।