रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रायपुर में कांग्रेस के साथ सूबे के मुखिया कहकर सीएम बघेल पर जमकर निशाना साधा।इस पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी तीखे सवाले दागे हैं।उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेता लगातार किसानों को गुमराह कर रहे थे कि धान खरीदी केंद्र के पैसों से होती है,आप प्रधानमंत्री हैं, आपको तो सच पता है, लेकिन आप भी झूठ बोल गए।
मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट कर लिखा कि यह किसानों के नाम पर सबसे बड़ा झूठ है कि केंद्र राज्य के धान उपार्जन का 80 प्रतिशत केंद्र ले लेता है। अगर आपकी सरकार की भूमिका राज्यों के धान खरीदी में इतनी ही है तो आपके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में किसान 1000-1200 रुपए क्विंटल में धान क्यों बेचने पर मजबूर हैं मोदी जी?
आपको छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं ने गलत जानकारी दी और आप भाषण पढक़र चले गए. छत्तीसगढ़ का बच्चा बच्चा जानता है कि हमने गंगाजल की कसम दस दिनों के भीतर किसानों की कर्जमाफ़ी के लिए खाई थी और दो घंटों के भीतर कर्ज माफ़ी हो गई थी, लेकिन भाजपा की सुई अटक गई है.
भाजपा का ‘2100 रूपए क्विंटल’ और ‘बोनस’ का कभी पूरा न हुआ वादा किसानों को ठीक तरह से याद है. वो ये भी जानते हैं कि कांग्रेस की सरकार उनके लिए क्या कुछ कर रही है। अब छत्तीसगढ़ के किसानों को कोई गुमराह नहीं कर सकता। आप भी नहीं।
रॉयल्टी हमारा हक-टीएस
सभा में पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ को 28 सौ करोड़ खनिज रॉयल्टी देने के बयान पर डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि खनिज का उत्पादन बढ़ा है, तो रॉयल्टी भी बढ़ी है। खनिज संपदा हमारी है, तो रॉयल्टी हमारा हक है। जीएसटी में हमें नुकसान हो रहा है, जो करीब 2500 से 3 हजार करोड़ का है। वो कह रहे हैं आयुष्मान कार्ड से लाखों लोगों लोगों का इलाज हो रहा है। भाजपा के प्रदेश के नेता कह रहे हैं कि योजना बंद है। 14 सौ करोड़ के क्लेम में केन्द्र का केवल 3 सौ करोड़ है।


