रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में मनोहरमय चातुर्मासिक प्रवचन श्रृंखला में बुधवार को नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा श्रीजी ने कहा कि हर बात को बोलने का एक तरीका होता है। आप सभी बातों को अगर प्रत्यक्ष रूप से बोलना शुरू कर देंगे तो लोग आपसे मुंह मोडऩे लगेंगे और शायद आपसे कोई बात भी ना करें।
साध्वीजी कहती है कि जब कोई जिंदगी सपाट चले तो वह कभी उदाहरण नहीं बन सकती है। वहीं, जब किसी के जीवन में कोई टर्निंग प्वाइंट आए, ऊंच-नीच हो, उथल-पुथल मचे और इन सब उतार चढ़ाव के बाद भी व्यक्ति स्थिर बना रहकर जीवन जिए तो उसकी कहानी, कथा बन जाती है। वैसे ही हरिभद्र महाराज ने अपनी गलतियों का प्रायश्चित करने के लिए 1444 ग्रंथों की रचना की, जिसमें से एक ललित विस्त्रा ग्रंथ है। आज जो श्रृंखला शुरू हुई, वह कोई प्रवचन नहीं है बल्कि ललित विस्त्रा ग्रंथ के पाठ है।
साध्वीजी कहती है कि वैसे ही आप अपनी तकलीफ को लेकर डॉक्टर के पास जाते हो तो वहां आपको पर्ची लिखकर देता है और आप कुछ गोलियां खरीद लेते हो। यह गोलियां बाहर से तो मीठी होती है पर अंदर से उतनी ही कड़वी रहती है। क्योंकि आपके तकलीफों का इलाज कड़वी जड़ीबूटियों में होता है और आप जड़ीबूटियों को नहीं खाएंगे क्योंकि वह बहुत कड़वी होती है इसीलिए उन्हें पीसकर पाउडर बनाकर उसे इस तरह पैक किया जाता है ताकि वह ऊपर से मीठी लगे और अंदर से कड़वी। इसीलिए कई बातें ऐसी होती है, जिसे प्रत्यक्ष रूप से नहीं कहा जा सकता है। वैसे ही कथा-प्रसंग ऐसी चीज है जिसमें किसी को डायरेक्ट नहीं कही जाती है।
मनोहरमय चातुर्मास समिति के अध्यक्ष सुशील कोचर और महासचिव नवीन भंसाली ने बताया कि परम पूज्य हरीभद्रसुरी द्वारा रचित ललित विस्त्रा ग्रंथ पर आधारित प्रवचन एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी में शुरू हो चुका है, शहर के सभी श्रावक-श्राविकाएं मनोहरमय चार्तुमासिक प्रवचन श्रृंखला का लाभ हर सुबह 8.45 बजे से 9.45 बजे तक उठा सकते हैं।