रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 जुलाई। दस दिन पहले कोतवाली इलाके के नरैया तालाब पास चाकू से हमला कर लूट को अंजाम देने वाले दो नाबालिग लडक़ों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी फरार है।
मनीष कुमार गुप्ता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था । पुलिस के मुताबिक मनीष अग्रसेन चौक समता कॉलोनी स्थित अपोलो फार्मेसी मेडिकल में सुपरवाइजर है। अपोलो फार्मेसी में ही ओंकारनाथ भिंगेश फार्मेसिस्ट के पद पर कार्य करता है।
27 जून को मनीष रात करीबन 9 बजे फार्मेसिस्ट ओंकार को 12 बजे मेडिकल दुकान बंद कर घर चले जाना बोल कर अपने घर चला गया था। करीबन रात के 1 बजे मनीष के मोबाइल फोन में किसी अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर सूचना दी गई कि तुम्हारे साथी ओंकार को किसी ने चाकू मारकर घायल कर दिया है जिसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर मनीष हॉस्पिटल गया तो ओंकार ने घटना के संबंध में बताया कि वह उस रात करीबन 12.00 बजे मेडिकल को बंद करके अपने घर टिकरापारा आटो से जा रहा था।आटो वाले ने उसे पुलिस लाईन गेट के पास छोड़ दिया था ।जहां से वह पैदल अपने घर टिकरापारा जा रहा था। नरैया तालाब के पास पहुंचा था कि एक मोटर सायकल में सवार तीन युवक उसके पास आकर उसे रोकते हुए आंख में ज्वलनशील पाउडर फेंका और उसके पेंट के जेब में रखे मोबाईल फोन पर्स को निकालने लगे। ओंकार के मना करने पर उन लोगों ने अपने पास रखे चाकू से उस पर वार किया और मोबाईल फोन, पर्स तथा नगदी रकम लूट कर फरार हो गए।