रायपुर

ऑपरेशन मुस्कान : 559 गुमशुदा बच्चे पालकों के सुपुर्द
04-Jul-2023 7:30 PM
ऑपरेशन मुस्कान : 559 गुमशुदा बच्चे पालकों के सुपुर्द

सर्वाधिक जांजगीर-चांपा से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 जुलाई। गुमशुदा बच्चों की पतासाजी के लिए 1-30 जून तक  प्रदेश व्यापी अभियान ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ चलाया गया। ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के प्रभावी संचालन के संबंध में पुलिस मुख्यालय ने  जिलों को विभिन्न दिशा-निर्देश दिए हैं।  पुलिस अधीक्षकों एवं जिलों में नामांकित नोडल अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। यह अभियान प्रदेश के भीतर एवं उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली एवं कर्नाटक में  भी चलाया गया। इस दौरान जिलों में गठित पुलिस टीम हर संभावित स्थानों पर जाकर गुमशुदा बच्चों को बरामद किया।

ऑपरेशन मुस्कान के दौरान 72 बालक एवं 487 बालिकाओं इस प्रकार राज्यभर के कुल 559 गुमशुदा बच्चों को बरामद किया गया है। इसमें सर्वाधिक  जांजगीर-चांपा के 76, रायपुर 56, बिलासपुर 52 एवं सक्ती के 52 बच्चों को एवं शेष अन्य जिलों द्वारा बरामद किया गया है।  ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के माध्यम से बरामद किये गये बालक/बालिकाओं को छत्तीसगढ़ पुलिस ने विधिवत उनके परिजनों के सुपूर्द कर गुमशुदा बच्चों एवं पालकों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई।


अन्य पोस्ट