रायपुर

पेंशनर्स भी समर्थन में उतरे
04-Jul-2023 2:52 PM
पेंशनर्स भी समर्थन में उतरे

रायपुर, 4 जुलाई। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामन्त्री एवं छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर्स फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्मरण कराया है कि कांग्रेस के शीर्ष नेता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने एक ट्वीट में कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ता व महंगाई राहत के आदेश जारी करने की केन्द्र सरकार के विलम्ब पर मांग करते हुए इसे लूट और अपराध की संज्ञा दे चुके है। फिर क्यों? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पिछले कई वर्षो से छत्तीसगढ़ राज्य के कर्मचारियों व पेंशनरों के साथ लूट और अपराध कर रही है। 

राज्य सरकार के इस उपेक्षात्मक रवैये से प्रदेश के सारे मान्यता और गैर मान्यता प्राप्त सभी कर्मचारी अधिकारी संगठन पहली बार एकजुट होकर 5 सूत्रीय मांगों की पूर्ति हेतु आगामी 7 जुलाई को एक दिवसीय हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है. प्रदेश में पहली बार स्वस्फुर्त सारे स्कूल, अस्पताल, सारे निगम, मण्डल विभाग के कार्यालय बन्द होंगे।

संयुक्त विज्ञप्ति में प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष आर पी शर्मा, पेंशनधारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ. डीपी मनहर, भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ प्रदेश अध्यक्ष जे पी मिश्रा, पेंशनर्स एसोशियेशन के प्रांताध्यक्ष यशवंत देवान तथा पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष ओ पी भट्ट ने प्रदेश के पेंशनरों व परिवार पेंशनरों से आव्हान किया है कि प्रदेश में 7 जुलाई होने वाले एक दिवसीय हड़ताल को पूरा सहयोग- समर्थन करे और उनके आंदोलन के सभा रैली आदि में शामिल होकर साथ दें।


अन्य पोस्ट