रायपुर

नाइट वॉक पर निकले व्यापारी की लाश अगले दिन तालाब में मिली
04-Jul-2023 2:45 PM
नाइट वॉक पर निकले व्यापारी की लाश अगले दिन तालाब में मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 जुलाई।
राजधानी के एक व्यापारी की लाश चरोदा तालाब में मिला है। व्यापारी रविवार रात को घर से टहलने के लिए निकले थे। जो रात भर घर वापस नहीं आये। सुबह उनका शव धरसींवा के पास चरोदा तालाब में मिला है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद हत्या से इंकार कर दिया है। पुलिस के अनुसार व्यापारी ने आत्महत्या की है। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार रायपुरा निवासी 45 वर्षीय राजेश अग्रवाल की तात्यापारा में पटाखे की दुकान है। मंदिर हसौद में ऑटोमोबाइल का भी कारोबार है। उनके दो बेटे हैं। राजेश रविवार रात मोपेड लेकर घर से निकले थे। घर वालों को उन्होंने टहलने जाने की बात कही थी। पर वह घंटों बाद भी वापस नहीं आए। इसके बाद घरवालों ने उन्हें फोन किया। पर राजेश का फोन रिसीव नहीं हुआ। परिजन रात भर उन्हें तलाश करते रहे पर उनका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह उनका शव चरोदा के तालाब में मिला । तालाब किनारे उनकी मोपेड खड़ी हुई थी।

राजेश का शव तालाब में डूबा हुआ था। और उनके मोपेड में उनका मोबाइल और पर्स रखा हुआ था। पुलिस ने हत्या से इनकार किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलने की बात कही है। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक तंगी के चलते कारोबारी राजेश अग्रवाल ने खुदकुशी की है।


अन्य पोस्ट