रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि साहू समाज सदैव मेहनतकश और उद्यमी रहा है। साथ ही दान के मामले में अग्रणी रहता है। इस समाज का छत्तीसगढ़ के निर्माण और प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
रविवार को राजधानी में छत्तीसगढ़ साहू संघ के द्वारा आयोजित अर्जुन सदन के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज समाज का जो वर्तमान स्वरूप दिख रहा है। इसके निर्माण में हमारे बड़े पुरखों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए हमारे पुरखों को सदैव स्मरण करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बघेल ने कहा कि प्रत्येक समाज में विवाह आयोजनों के लिए भवन और जमीन की आवश्यकता होती है। होटल या विवाह भवन में आयोजन करने पर खर्च होता है। समाज द्वारा अपनी तरफ से हर संभव योगदान दिया जाता है। इसलिए समाज के आवश्यकता को देखते हुए हमारी सरकार ने प्रत्येक समाज को 10 प्रतिशत राशि पर जमीन आबंटित करना शुरू किया।
श्री बघेल ने कहा कि हमारी सरकार ने चाहे गौठान हो या समाज के लिए जमीन आरक्षित करने की शुरूआत की। अन्य राज्यों में जनसंख्या के अनुपात में जमीन कम है मगर छत्तीसगढ़ में यह स्थिति नही है। हमारे प्रदेश में आनुपातिक रूप से जमीन की उपलब्धता अच्छी है।
उन्होंने कहा -छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसने इतनी वृहद रूप में सभी समाज के लिए भवन और जमीन के लिए सहयोग देने की शुरूआत की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अपने गांव किसानों और शिल्पियों को आर्थिक रूप से समृद्ध किया है। और साथ ही परंपरागत व्यवसायों को जीवित और मजबूत करने का काम किया है।
कार्यक्रम को लोकनिर्माण एवं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सांसद चुन्नीलाल साहू, खनिज निगम के अध्यक्ष गिरिश देवांगन, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष संदीप साहू, निगम के सभापति प्रमोद दूबे सहित साहू समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे।


