रायपुर

45 हजार संविदा कर्मी हड़ताल पर गए
03-Jul-2023 2:37 PM
45 हजार संविदा कर्मी हड़ताल पर गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 जुलाई।
राज्य भर के 45 हजार संविदा कर्मी आज से हड़ताल पर रहेंगे। लंबे समय से संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग रही है। जिसके चलते उन्होंने आज से काम बंद कर हड़ताल में जाने का निर्णय लिया था। उनकी हड़ताल अनिश्चितकालीन होगी। हड़ताल में सारे महत्वपूर्ण विभागों के संविदा कर्मचारी शामिल होंगे। जिसके चलते काम प्रभावित होने की आशंका है।

छतीसगढ़ सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले तीन जुलाई से प्रदेश भर के 45 हजार संविदा कर्मचारी अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे। सर्व विभागीय संविदा कर्मचारी महासंघ की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि अनिश्चितकालीन आंदोलन में स्वास्थ्य मनरेगा सहित पंचायत विभाग कृषि विभाग शिक्षा विभाग महिला एवं बाल विकास विभाग प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना व अन्य विभाग के संविदा कर्मचारी शामिल होंगे।

हड़ताल की वजह से इन विभागों के कार्य प्रभावित होंगे संविदा कर्मचारियों का कहना है कि वे बीते साडे 4 साल से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं सरकार के मेनिफेस्टो में भी उनके नियमितीकरण की बात थी पर अब तक सरकार ने इस दिशा में कमेटी बनाने के अलावा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया है उनकी मांगों पर सरकार के ध्यान नहीं देने की वजह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया है।

स्वास्थ्य कर्मचारी कल से 

अपनी छ सूत्रीय मांगो को लेकर प्रदेश हर के स्वास्थ्य कर्मचारी अड़े हुए है। वे कल यानी मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का विचार बना चुके है। अगर ऐसा होता है तो राज्य भर के स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा। हड़ताल में जाने वालों में डियोग्राफर, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, नेत्र सहायक अधिकारी ओटी टेक्नीशियन,स्टॉफ नर्स,वार्ड बॉय ,आया बाई सभी शामिल है।

इस बारे में संघ क्ले पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कई वर्षो से वे मुख्यमंत्री से लेकर स्वास्थ्य मंत्री और विभागीय अधिकारियों के पास अपनी मांगे लेकर पहुंच चुके हैं। लेकिन अब तक मांगे पूरी नहीं हुई है। बताया गया कि हर बार उन्हें शासन कि तरफ से मांगो की पूर्ती के लिए कोरा आश्वासन ही मिला लेकिन इस दिशा मे कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। जिसके बाद उन्होंने इस मुद्दे पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला किया है।

कर्मचारियों की 6 सूत्रीय मांगे-रेडिएशन भत्ता जो की 30 साल से 50 रुपए है जिसे मूल वेतन का 10 फीसदी किया जाए। पदों की संख्या में वृद्धि, रेडिएशन अवकाश, पद नाम परिवर्तन, पदोन्नति क्रम 2800 से 4200 किया जाय, चार स्तरीय वेतनमान।
 


अन्य पोस्ट