रायपुर

नपा उप चुनाव, नतीजे कल
29-Jun-2023 7:56 PM
नपा उप चुनाव, नतीजे कल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। नगरपालिका उप निर्वाचन  के तहत् 30 जून की सुबह नौ बजे से मतगणना होगी। प्रदेश के सात जि़लों के आठ नगरीय निकायों के रिक्त आठ पार्षद पद के लिए निर्धारित मतगणना केन्द्रों में वोटों की गिनती की जाएगी। साथ ही निर्वाचन परिणामों की घोषणा भी रिटर्निंग अधिकारी द्वारा की जाएगी।

इसी तारतम्य में आज दोपहर साढ़े तीन बजे से छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की सभाकाक्ष में आयोग के आयुक्त ठाकुर राम सिंह के मार्गदर्शन में उप सचिव श्री दीपक अग्रवाल द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के ज़रिए संबंधित जि़लों के रिटर्निंग अधिकारी , उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और व्यय प्रेक्षकों की बैठक ली गई। सभी रिटर्निंग और उप जिला निर्वाचन अधिकारियों से मतगणना को समय तथा सुव्यवस्थित तरीके से कराने संबंधी दिशा निर्देश दिए गए।

 यह बताना लाजिमी है कि मंगलवार को  80 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। इसी क्रम में अब 30 जून को मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जाएगी।

 मतगणना स्थान: नगर निगम दुर्ग के रिक्त पार्षद पद के लिए चुनाव लड़े अभ्यर्थियों को मिले वोटों की गिनती स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ हिन्दी माध्यमिक जे.आर.डी. शासकीय बहु. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुर्ग, नगरपालिका परिषद अहिवारा (दुर्ग) के लिए मतों की गणना रिक्रियेशन क्लब नंदिनी नगर, में की जाएगी। इसी तरह नगर पालिका परिषद्, बेमेतरा के लिए कलेक्टर सभाकक्ष, नगर पालिका परिषद् कोण्डागांव के लिए शासकीय गुण्डाधूर महाविद्यालय भवन, कोण्डागांव को मतगणना स्थल बनाया गया है । इसके अलावा नगर पंचायत खरोरा  के वार्ड पार्षद पद के लिए मिले वोटों की गिनती लिए शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, खरोरा, नगर पंचायत तुमगांव के लिए सभाकक्ष कार्यालय, नगर पंचायत तुमगांव, और नगर पंचायत अंबागढ़ चौकी के लिए शासकीय कन्या शिक्षा परिसर अंबागढ़ चौकी को मतगणना केन्द्र बनाया गया है।


अन्य पोस्ट