रायपुर

कमीशन को लेकर स्विगी के खिलाफ मौदहापारा में शिकायत
29-Jun-2023 7:49 PM
कमीशन को लेकर स्विगी के खिलाफ मौदहापारा में शिकायत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। होटलों से खाना, नाश्ता, मिठाई  लेकर घर-घर पहुंचाने वाली  फूड डिलीवरी फर्म स्विगी की ठगी का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले की शिकायत राजधानी रायपुर के गिरनार रेस्टोरेंट  के संचालक ने मौदहापारा थाना पुलिस से की है। सूत्रों के मुताबिक स्विगी द्वारा ऐसी ठगी राजधानी रायपुर के तमाम रेस्टॉरेंट संचालकों से की गई है और वे सभी संचालक अब एक के बाद एक अपने थानाक्षेत्र में कंपनी के खिलाफ शिकायत और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है।

पुलिस को सौंपी गई शिकायत के मुताबिक गिरनार रेस्टॉरेंट के संचालक ने पुलिस से जो शिकायत की है उसके मुताबिक स्विगी और रेस्टारेंट के बीच जो कमीशन की डील हुई थी वो अलग थी, लेकिन कंपनी ने फर्जी हस्ताक्षर कर एक दूसरा एग्रीमेंट किया जिसमें 21 त्न कमीशन काटा जा रहा था। रेस्टारेंट संचालक ने जब इसका हिसाब किया तब उन्हें इस बात की जानकारी मिली। जिसके बाद ये पूरा मामला होटल एसोसिएसन तक पहुंचा और सभी होटल संचालकों ने इसकी जांच की, तो लगभग ऐसी तमाम ठगी सभी के साथ होने की जानकारी मिली है।हालांकि अब तक इस मामले में सिर्फ गिरनार होटल के संचालक ने पुलिस से इसकी शिकायत की है।

शिकायत में आनंद डेनियल, लक्ष्मीनंदन रेड्डी, लॉरेन चार्लेस, श्रीहर्षा मेजेटी, सुमेर जुनेजा, साहिल बरूवा के नाम से की गई है जो स्विगी को संचालित करने वाले बंडल टेक्नोलोजिस प्रायवेट लिमिटेड (बीटीपीएल) के उच्च पदों पर पदस्थ बताए जा रहे है।


अन्य पोस्ट