रायपुर

निवानो विश्व शांति पुरस्कार विजेता राजगोपाल का छत्तीसगढ़ युवा संसद में नागरिक सम्मान
29-Jun-2023 7:35 PM
निवानो विश्व शांति पुरस्कार विजेता राजगोपाल का छत्तीसगढ़ युवा संसद में नागरिक सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 जून। गांधीवादी समाजसेवी और एकता परिषद के संस्थापक राजगोपाल पीवी ने कहा कि युवाओं को सिर्फ जोश देने की आवश्यकता नहीं है उन्हें दिशा देने की जरूरत है। समाज के प्रबुद्ध वर्ग का यह दायित्व है. पैसा कमाने की दौड़ में नैतिकता का परित्याग नहीं करना है. समाज में जीना है तो हिम्मत से जीना है और अच्छा जीवन जीना है. लडऩा है तो हिंसा के बजाय अहिंसात्मक तरीक़े से लडऩा है . मुझे लगता है कि युवा नये समाज के लिये परिवर्तन का वाहक बन सकता है. युवाओं की  इच्छा शक्ति को और ताकतवर बनाने से दुनिया में बदलाव आ सकता है. तभी मूल्यों पर आधारित शांति और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोस्त संस्था के संस्थापक डॉ. सत्यजीत साहू ने कहा कि गांधी के आदर्शों को  आज के हिसाब से हमें जीवन में रूपांतरित करना चाहिए और इसके जीवंत उदाहरण के रूप में राजगोपाल हमारे सामने है। देश के युवाओं को जीवित नायकों से जीने की वास्तविक प्रेरणा मिलती है। शांतिपूर्वक समाज का निर्माण हिंसा का नहीं बल्कि अहिंसक संघर्ष का परिणाम है।

एकता परिषद के राष्ट्रीय  संयोजक रमेश शर्मा ने कहा कि राजगोपाल का सम्मान , जल जंगल ज़मीन के अधिकार, पर्यावरण की सुरक्षा, आत्मसमर्पित बागियों के पुनर्वास, और युवाओं को शांति और अहिंसा से जोडऩे के प्रयासों का सम्मान और उसकी अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति का है।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण संतोष ठाकुर और राजागोपाल का जीवन परिचय डॉ संगीता कौशिक ने दिया। कार्यक्रम के संचालनकर्ता सुनील शर्मा ने बताया कि दोस्त और प्योर नामक सामाजिक संस्था ने यह आयोजन किया।  संस्था के सुरज दुबे, डॉ. प्रकाश सिंह, सिस्टर भुमी, सिस्टर अनुपमा, ममता निषाद, रिंकी सेन, अविनेश चंद्राकर ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।


अन्य पोस्ट