रायपुर
नवकार जपेश्वरी साध्वी शुभंकरा के मंगल प्रवेश पर भव्य शोभायात्रा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 जून। सदर बाजार जैन मंदिर से एमजी रोड स्थित दादाबाड़ी तक आज भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रास्ते भर में जिन शासन के जयकारे गूंजते रहे और गुरुभक्ति का उल्लास छाया रहा। साध्वीजी के प्रवेश के दौरान फलोदी की कोमल गोलछा की सुमधुर संगीतमयी प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी भजन प्रस्तुति को साध्वीजी ने आत्मजागृती का अलार्म बताया। बुधवार को चातुर्मासिक आराधना क्रम में सुबह 5.45 से 6.45 बजे तक कर्म विज्ञान (स्वाध्याय), सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक आध्यात्मिक प्रवचन, सुबह 10 से 11 बजे तक जीवन विज्ञान (स्वाध्याय) हुआ।
साध्वी जी ने कहा कि जैसे जन्म मृत्यु निश्चित है वैसे ही संतों का चातुर्मासिक प्रवेश और उनकी गोचरी भी निश्चित है। आज भगवान धर्म नाथ के मंदिर में मंगल प्रवेश के दौरान हुई वह संगीतमय प्रस्तुति खुद को आत्मजागृत करने का अलार्म है। यह प्रवेश शब्द हम रोज उपयोग करते हैं। हमने अपने जीवन काल में 84 लाख योनियों में प्रवेश किया। कभी स्कूल में प्रवेश किया, कभी कॉलेज में प्रवेश किया, कभी डॉक्टरी की पढ़ाई में प्रवेश किया तो कभी इंजीनियरिंग और सीए की पढ़ाई में प्रवेश किया। हम रोज घर में प्रवेश करते हैं, ऑफिस में प्रवेश करते हैं जबकि हमें ऐसे स्थान पर प्रवेश करना है, जहां केवल एक बार प्रवेश करना पड़े बार-बार नहीं।
समय के साथ चलना सीखो
साध्वीजी ने कहा कि हम आज आपको छगन भाई के बारे में बताते हैं, जिन्हें सुबह उठने में एक दिन देर हो गई। बिस्तर से उठते ही जल्दी-जल्दी उन्होंने अपना नृत्य काम किया और जल्दी नाश्ता कर ऑफिस के लिए निकल गए। कुछ दूर जाने के बाद उन्हें जानते हैं कि वह अपना चश्मा घर पर ही भूल गए हैं। उन्होंने गाड़ी पीछे मोड़ी और वापस घर के नीचे खड़े होकर फोन पर पत्नी से कहा कि मैं अपना चश्मा भूल गया हूं। मुझे चश्मा लाकर दे दो, पत्नी ने मना किया और कहा कि मैं नीचे आ जाती हूं, पर छगन भाई नहीं माने और कहा कि जल्दी से चश्मा नीचे फेंक दो। पत्नी ने ऊपर से चश्मा फेंका और वह छगन भाई के हाथ से छूट गया। जमीन पर गिरते ही चश्मा चूर चूर हो गया और कांच सडक़ पर बिखर गई। उन्होंने सिर पकड़ लिया और उन्हें याद आया कि उन्होंने अपनी घड़ी बाथरूम में ही छोड़ दी है, फिर उन्होंने पत्नी से कहा कि जल्दी से घड़ी दे दो। पत्नी ने कहा कि मैं घड़ी लेकर नीचे आ रही हूं तो छगनभाई नहीं माने और घड़ी नीचे फेंकने कहा। पत्नी ने घड़ी नीचे फेंकी और वह भी हाथ से छूट गई। सडक़ पर गिरते ही घड़ी के पुर्जे बिखर गए। अब छगन भाई और भी परेशान होने लगे। उन्हें अब याद आया कि उन्होंने अपना रुमाल नाश्ता करते समय टेबल पर ही छोड़ दिया है। अबकी बार उन्होंने खुद ऊपर जाकर रुमाल लेने का निर्णय लिया। साध्वीजी कहती है कि अब आप लोग बताइए कि आप में से कितने लोग छगन भाई जैसा जीवन जी रहे हो।