रायपुर

भगवती भोग और मोक्ष दोनों देती है- सुबुद्धानन्द
27-Jun-2023 7:10 PM
भगवती भोग और मोक्ष दोनों देती है- सुबुद्धानन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जून। पुरानी बस्ती महामाया मंदिर सार्वजनिक न्यास समिति रायपुर द्वारा आयोजित गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रवचन के आठवें दिन श्रीमद् देवी भागवत कथा के मंच पर पधारे ज्योतिष एवं द्वारका शारदा पीठ के सचिव तथा राजराजेश्वरी सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष ब्रह्मचारी सुबुद्धानन्द जी महाराज ने बताया कि भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी की जो लोग उपासना करते हैं।

वह भगवती राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी अपने भक्तों को भोग और मोक्ष दोनों देती है। अन्य देवताओं की उपासना करने पर उपासना के बल पर केवल भोग अथवा मोक्ष प्राप्त किया जा सकता है। किंतु दोनों एक साथ प्राप्त नहीं किए जा सकते। किंतु जो राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी की उपासना करता है वह भोग और मोक्ष दोनों प्राप्त कर लेता है, ललिता सहस्रनाम में भगवती राजराजेश्वरी को इसीलिए गुरुमूर्ति कहा गया है। कथा व्यास इन्दुभवानन्द महाराज ने अपने कथा को विस्तार देकर परांबा भगवती महामाया के स्वरूप का वर्णन किया उन्होंने अपनी कथा में बताया कि भगवती की दो प्रकार की शक्ति  होती है एक आवरण शक्ति और एक विक्षेप शक्ति इन दोनों के द्वारा ही भगवती सारे संसार को मोहित कर लेती है। नारद जी भी इसी आवरण विक्षेप शक्ति के द्वारा मोहित होकर के स्त्री रूप को प्राप्त हो चुके थे।

 ट्रस्ट के सदस्यों ने ब्रह्मचारी जी महाराज का माल्यार्पण साल के द्वारा सम्मान किया। मंदिर समिति के सचिव व्यास नारायण तिवारी एवं न्यासी पं विजय कुमार झा ने बताया है, कि मंगलवार को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक देवी भागवत कथा प्रवचन तथा यज्ञ पूर्णता होगी। आज ही यज्ञ के हवन एवं पूर्णाहुति के बाद यज्ञ की पूर्णता हुई। आरती महाभोग के बाद संध्या भोग भंडारा का आयोजन किया गया है। साथ ही पं अमन शुक्ला, संध्या माताजी का भजन कीर्तन भी प्रस्तुत किया जाएगा।


अन्य पोस्ट