रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जून। रायपुर जिले के आरंग तहसील के अंतर्गत ग्राम अकोलीखुर्द (पंधी) में गौठान, चारागाह व श्मशानघाट कई प्रयोजन के लिए सुरक्षित ग्राम की शासकीय भूमि पर अवैध मुरम खुदाई सरकार के संरक्षण में लगातार जारी है। इससे ग्राम वासियों में व्यापक आक्रोश है। आम आदमी पार्टी ने इस अवैध उत्खनन पर तत्काल कार्यवाही करने हेतु कलेक्टर रायपुर एवं अनुविभागीय अधिकारी आरंग से मांग की है।
आम आदमी पार्टी रायपुर जिला सचिव विजय कुमार झा,आरंग अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष परमानंद जांगड़े तथा अभनपुर आप पार्टी नेत्री रुक्मणी साहू ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि कांग्रेस सरकार विशेषकर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नरवा गरवा घुरवा बाड़ी की योजना वेंटिलेशन में चली गई है। उन्हीं के संरक्षण में उनके लोग ही आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अकोलीखुर्द में खसरा नंबर 501, 502 एवं 503 के गौठान, चारागाह, श्मशानघाट की भूमि पर ताबड़तोड़ दिन रात मुरम की खुदाई कर रहे हैं। इस खुदाई से से लगभग 15-20 फुट गड्ढे हो गए हैं। जिसमें वर्षा ऋ तु में जलभराव होने के कारण जनधन व पशुओं के क्षति हानि होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। क्योंकि यह ग्राम आरंग तहसील में आता है। किंतु यह ग्राम पंचायत विधानसभा अभनपुर के अधीन है।
आरंग और अभनपुर के विवाद में प्रशासनिक अधिकारी इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। इससे अवैध मुरम खुदाई, एवं अवैध मुरम बेचकर रसूखदार लोग करोड़पति बन रहे हैं, वही दूसरी ओर आम जनता को अंतिम संस्कार करने हेतु श्मशान घाट तथा मुख्यमंत्री की योजना गठन एवं चारागाह अंतिम सांस ले रही है।