रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 जून। स्मार्ट सिटी मिशन की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर 26 जून को आयोजित ‘मोर रायपुर दर्शन’ में शामिल होकर नागरिक रायपुर स्मार्ट सिटी लि. की परियोजनाओं से अवगत होंगे। इसमें विभिन्न संगठनों के साथ ही सीनियर सिटीजन, दिव्यांगजन, युवा व शहरवासी सम्मिलित हो सकेंगे।
मोर रायपुर दर्शन की शुरूआत सुबह 10 बजे कोतवाली परिसर में स्थित रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के मुख्यालय से होगी। जहां छठवीं मंजिल के व्यू प्वाइंट से आम नागरिक शहर के विहंगम दृश्य का अवलोकन करेंगे। उसके बाद दानी स्कूल, हेरिटेज वॉक रूट, कंकाली तालाब, ऐतिहासिक आनंद समाज वाचनालय, आर.डी. तिवारी स्कूल का नव निर्मित भवन, नालंदा परिसर, दक्ष कमांड सेंटर, शहीद स्मारक सभागार, ऑक्सीजोन, घड़ी चौक, छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा स्थल एवं मल्टीलेवल पार्किंग आदि का अवलोकन नागरिक करेंगे।
तालाबों व उद्यानों के संरक्षण व संवर्धन के लिए पूरी की गई परियोजनाओं का भ्रमण भी विशेष बस के माध्यम से होगा। इसके अंतर्गत इंद्रावती कॉलोनी गार्डन, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब-स्वामी विवेकानंद सरोवर, एसटीपी, डबरी तालाब, हल्का तालाब, आरछी तालाब शामिल हैं।
इस भ्रमण के इच्छुक आम नागरिकों व संस्थाओं से 25 जून दोपहर 03 बजे तक दूरभाष क्र. 7489771149 पर कॉल कर या रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के जनसंपर्क विभाग के ई-मेल आई.डी. prrsclw®v}@gmail.com पर अपना नि:शुल्क पंजीयन आवश्यक रूप से कराने की अपील की गई है। भ्रमण की शुरूआत रायपुर स्मार्ट सिटी लि. कार्यालय से सुबह 10 बजे एवं समापन सायं 06 बजे होगा। भ्रमण दल के लिए बस, स्वल्पाहार व भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।


